तेल अवीव/नई दिल्ली: भारत और इजरायल के बीच रक्षा क्षेत्र में सहयोग लगातार बढ़ रहा है। पिछले एक हफ्ते में इजरायल की 10 रक्षा कंपनियां नई दिल्ली में थीं, जबकि भारतीय रक्षा मंत्रालय के साथ काम करने वाले इजरायल के 6 डिफेंस स्टार्टअप्स बेंगलुरु में हथियारों का प्रजेंटेशन दे रहे थे। इजरायली रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसने भारत में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया, जिनका मकसद दोनों देशों के बीच रक्षा तकनीक सहयोग और औद्योगिक साझेदारी को बढ़ाना है। अमेरिका में राहुल गांधी ने भारत-इजरायल संबंधों को 'बहुत अच्छा' बताया है।

इजरायली रक्षा मंत्रालय के 'इंटरनेशनल डिफेंस कोऑपरेशन डायरेक्टोरेट' (SIBAT) ने भारतीय रक्षा उद्योग संघ SIDM के साथ मिलकर नई दिल्ली में फोर्स डेवलपमेंट और 'आधुनिक जमीनी युद्धक्षेत्र' पर सेमिनार आयोजित किया। इसमें इजरायल की 10 बड़ी हथियार निर्माता कंपनियों के साथ भारतीय रक्षा मंत्रालय और भारतीय सेना के अधिकारी मौजूद थे। कंपनियों ने जासूसी, खुफिया जानकारी जुटाने, पूर्व चेतावनी, रणनीतिक संचार प्रणाली और ऑटोनॉमस सिस्टम जैसी भविष्य की युद्ध तकनीकों पर प्रजेंटेशन दिया। इसके बाद इजरायली कंपनियों के प्रतिनिधि चेन्नई पहुंचे और भारतीय रक्षा कंपनियों के अधिकारियों से बातचीत की। इजरायली रक्षा अनुसंधान और विकास निदेशालय (MAFAT) के प्रतिनिधियों ने बेंगलुरु में टेक्नोलॉजी समिट में हिस्सा लिया, जहां 6 इजरायली कंपनियों ने AI और रोबोटिक्स परियोजनाओं पर चर्चा की।

दिल्ली में दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों और रक्षा कंपनियों के बीच ग्राउंड ऑपरेशन की बदलती स्थिति पर चर्चा हुई। टेलिजेंस, सर्विलांस और रिकॉनिसेंस (ISR), डिटेक्शन और अर्ली-वॉर्निंग सिस्टम, टैक्टिकल कम्युनिकेशन और ऑटोनॉमस प्लेटफॉर्म पर बात की गई। भारतीय सेना के लिए टैक्टिकल स्तर पर ध्यान देना जरूरी बताया गया, क्योंकि हालिया युद्धों ने दिखाया है कि युद्ध के मैदान की जानकारी जल्द इकट्ठा करना और नैरेटिव लड़ाई में आगे रहना महत्वपूर्ण है।

अदानी समूह और एल्बिट सिस्टम मिलकर Hermes 900 और Hermes 480 ड्रोन बना रहे हैं। Heron UAVs और सर्विलांस सिस्टम पर भी काम हो रहा है। भारत इजरायली Barak-1 और Barak-8 एयर डिफेंस सिस्टम का इस्तेमाल करता है, और नौसेना के युद्धपोतों में बराक-8 लगा है। मेक इन इंडिया के तहत इजरायल भारत में Negev 7.62 लाइट मशीन गन बना रहा है। दोनों देश रडार, सेंसर, नौसैनिक सिस्टम, हार्डवेयर-सॉफ्टवेयर अपग्रेडेशन, हवाई सर्विलांस, गाइडेड बम और सटीक हमला करने वाले हथियार भी मिलकर बना रहे हैं। सार्वजनिक जानकारी के मुताबिक दोनों देश एडवांस लॉइटरिंग म्यूनिशन्स, AI-आधारित बैटलफील्ड सिस्टम और हथियारों की बिक्री के लिए भी साथ काम कर रहे हैं। ज्यादातर रक्षा समझौते गोपनीय हैं, लेकिन दोनों देश खरीददार-विक्रेता के संबंध से आगे बढ़कर एक विशाल रणनीतिक साझेदारी की ओर बढ़ चुके हैं।