इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसीएल) के चेयरमैन अरविंदर सिंह साहनी ने शुक्रवार को कहा कि भारत ईंधन कीमतों के संकट के सबसे मुश्किल दौर से गुजर चुका है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यह राहत तभी टिकी रह सकती है, जब दुनिया में जारी युद्ध और भू-राजनीतिक तनाव की स्थिति और खराब न हो। साहनी ने यह बात वडोदरा में इंडियन ऑयल की गुजरात रिफाइनरी के डायमंड जुबली समारोह के मौके पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही।

साहनी ने स्वीकार किया कि कर्ज बढ़ने और भुगतान बकाया होने से तेल कंपनियों की वित्तीय स्थिति पर दबाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद कंपनियों ने हालात संभालने की कोशिश की है और आम उपभोक्ताओं तथा उद्योगों को ईंधन कीमतों में भारी बढ़ोतरी से बचाने का प्रयास किया है। उन्हें उम्मीद है कि आने वाले समय में स्थिति बेहतर होगी।

देश की ऊर्जा सुरक्षा पर साहनी ने कहा कि सरकार और तेल विपणन कंपनियां रणनीतिक तेल भंडार मजबूत करने के लिए कई विकल्पों पर काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार चल रहा है और फैसले अंतिम होने के बाद इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

भू-राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद इंडियन ऑयल हर साल 30 हजार से 40 हजार करोड़ रुपये का पूंजीगत निवेश जारी रखने की योजना बना रही है। कंपनी के करीब एक लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट फिलहाल चल रहे हैं। साहनी ने बताया कि पानीपत रिफाइनरी में 10 हजार टन सालाना क्षमता वाला ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट 2027 के अंत तक शुरू करने का लक्ष्य है, और दूसरी इकाइयों में भी ऐसी परियोजनाओं पर काम हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले तीन वर्षों में भारतीय रिफाइनरी कंपनियां नई रिफाइनरी स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार शुरू कर सकती हैं।