भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने ट्रेनों में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता सुधारने के लिए मेन्यू में कटौती शुरू की है। अधिकारियों के मुताबिक, 1 नवंबर से लागू यह व्यवस्था फिलहाल तीन वंदे भारत स्लीपर ट्रेन रूट पर पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर चल रही है। इनमें मुंबई-बेंगलुरु, हावड़ा-कामाख्या और नई दिल्ली-वाराणसी जंक्शन रूट शामिल हैं। इसका मकसद खाने की गुणवत्ता और स्वच्छता से जुड़ी शिकायतों को कम करना है। एयरलाइंस की तरह सीमित मेन्यू रखने से हर व्यंजन की गुणवत्ता पर नजर रखना आसान होगा। IRCTC यात्रियों की प्रतिक्रिया का आकलन कर रहा है और सकारात्मक नतीजे पर इसे अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों में भी लागू किया जा सकता है।
नए मेन्यू में नाश्ते के लिए तीन विकल्प रखे गए हैं। यात्री इडली-वड़ा के साथ चटनी और सांभर, पोहा या उपमा में से कोई एक चुन सकेंगे। दोपहर और रात के खाने में रोटी, चावल, दाल और एक मुख्य व्यंजन मिलेगा, जिसमें चिकन या शाकाहारी विकल्प चुनने की सुविधा होगी। पुराने मेन्यू से नाश्ते में सूप, अंडे का ऑमलेट, ऑमलेट सैंडविच, वेज सैंडविच, छाछ और चॉकलेट हटा दिए गए हैं। वहीं, दोपहर और रात के खाने से सूखी सब्जी, दही, सलाद, अचार और मिठाई जैसे विकल्प हटाए गए हैं। IRCTC के मुताबिक, एक मील का कुल वजन पहले करीब 700 से 750 ग्राम होता था, जो अब घटकर लगभग 450 से 500 ग्राम रह गया है। निगम का कहना है कि किसी भी व्यंजन की व्यक्तिगत मात्रा में कटौती नहीं की गई है।
भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी रेलवे या उसके मौजूदा खानपान वेंडरों के बजाय प्रमुख क्लाउड किचन को दी गई है। एक अधिकारी के मुताबिक, कामाख्या रूट के लिए मेफेयर ग्रुप, हावड़ा के लिए ताजसैट्स और अन्य दो वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के लिए सरोवर पोर्टिको ग्रुप के साथ साझेदारी की गई है। IRCTC के पश्चिमी जोन के ग्रुप जनरल मैनेजर गौरव झा के मुताबिक, क्लाउड किचन से भोजन की आपूर्ति शुरू होने के बाद खाने से जुड़ी शिकायतों में 10 फीसदी की कमी आई है।
पिछले कुछ वर्षों में वंदे भारत समेत लंबी दूरी की ट्रेनों में खाने की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें बढ़ी हैं। मार्च में 21896 पटना-टाटानगर वंदे भारत ट्रेन में परोसे गए दही में कीड़े मिलने की घटना सामने आई थी। अगस्त 2024 में शिरडी-मुंबई वंदे भारत ट्रेन में दाल में कॉकरोच मिलने की शिकायत हुई थी, जबकि फरवरी 2024 में 20173 रानी कमलापति-जबलपुर वंदे भारत में एक यात्री के भोजन में कॉकरोच मिला था। अधिकारियों के मुताबिक, सीमित कर्मचारियों, रसोई की जगह और उपलब्ध समय में कई तरह के व्यंजन तैयार करना भी एक बड़ी परिचालन चुनौती है। फिलहाल क्लाउड किचन संचालकों को वंदे भारत, राजधानी और शताब्दी जैसी एक-दो प्रीमियम ट्रेनों के साथ कुछ एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों का ठेका दिया जाता है। नई व्यवस्था के विस्तार का फैसला ट्रायल के नतीजों के आधार पर लिया जाएगा।
