इस्लामाबाद में एक कार्यक्रम में जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ने दावा किया है कि संसद और पुलवामा हमलों में शामिल आतंकी गुलाम गुलाम जम्मू-कश्मीर के रावलकोट में मौजूद है। उन्होंने यह भी कबूला कि जैश का आतंकी ढांचा रावलकोट में सक्रिय है। मसूद ने पाकिस्तानी सरकार, खुफिया एजेंसी और जायंट अवामी एक्शन कमेटी के बीच मध्यस्थता की बात भी स्वीकार की।

जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में अपने भाषण में दावा किया कि संसद और पुलवामा हमले में लिप्त आतंकी गुलाम गुलाम जम्मू-कश्मीर के रावलकोट में मौजूद है। उन्होंने कहा कि जैश-ए-मोहम्मद का रावलकोट में आतंकी ढांचा सक्रिय है। मसूद ने पाकिस्तानी सरकार, पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी और गुलाम जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान विरोधी आंदोलन का संचालन कर रही जायंट अवामी एक्शन कमेटी के बीच मध्यस्थता की बात भी कबूली।

मसूद ने स्वीकार किया कि उनके कुछ हथियारबंद जिहादी कैडर उसी समुदाय से ताल्लुक रखते हैं, जो जायंट अवामी एक्शन कमेटी के विरोध प्रदर्शनों में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मुजफ्फराबाद और रावलकोट में हो रहे विरोध प्रदर्शनों में जैश के कैडर की भागीदारी को लेकर उपजी स्थिति को स्पष्ट करने के लिए पाकिस्तान सरकार और सुरक्षा एजेंसियों के संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की थी। उन्होंने पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि उनका कैडर गुलाम जम्मू-कश्मीर में जारी आंदोलन में शामिल है, लेकिन किसी ने भी पाकिस्तानी फौज पर हमला नहीं किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि सत्ता के गलियारों में बैठे लोगों ने एक्शन कमेटी के नेताओं और रावलकोट में प्रदर्शन कर रहे लोगों को मारने का फैसला कर लिया है। उनका आरोप था कि एजेंसियां पाकिस्तान विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान करने में नाकाम रही हैं। उन्होंने कहा कि उनका कैडर इसलिए धरनों में शामिल है, क्योंकि वह गुलाम जम्मू-कश्मीर का ही है, लेकिन उनका जिहाद सिर्फ हिंदुस्तान के खिलाफ है और उन्हें कश्मीर जिहाद को कामयाब बनाना है।

इस बीच, एक अन्य सूचना के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकी संगठनों और उनके छद्म संगठनों पर सुरक्षा एजेंसियों की सख्ती के बीच पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा निष्क्रिय आतंकी संगठनों को दोबारा सक्रिय करने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। खुफिया इनपुट के अनुसार, इसके तहत पुराने आतंकी संगठनों के पूर्व सदस्यों से संपर्क कर उनके नेटवर्क को फिर खड़ा करने की कोशिश की जा सकती है। खुफिया आकलनों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में कभी सक्रिय रहे 19 आतंकी संगठनों में से दो कश्मीर जिहाद फोर्स (केजेएफ) और तहरीक-ए-जिहाद (टीइजे) पूरी तरह निष्क्रिय हैं और इनके पुराने सदस्यों, स्थानीय नेटवर्क और अनुभव का इस्तेमाल नए आतंकियों की भर्ती में किया जा सकता है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि छोटे और निष्क्रिय संगठनों को दोबारा खड़ा कर आतंकी गतिविधियों के पीछे वास्तविक संगठनों की पहचान और उनके आपसी संबंधों की जांच को जटिल बनाने की कोशिश हो सकती है।