विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को लेकर युवाओं और महिलाओं में भारी उत्साह देखा गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अनुसार, 21 और 22 नवंबर को चले विशेष अभियान के दौरान प्रदेशभर से 6.40 लाख फॉर्म-6 जमा हुए। रविवार 22 नवंबर को एक ही दिन में 3,99,218 लोगों ने मतदाता बनने के लिए आवेदन किया, जो शनिवार के मुकाबले 65.6 प्रतिशत अधिक है। यह संख्या 17 से 23 नवंबर के बीच मिले कुल 10,39,836 फॉर्म-6 का 61.6 प्रतिशत है।
अभियान के दौरान प्रतिदिन औसतन करीब 3.20 लाख फॉर्म-6 प्राप्त हुए, जबकि 17 से 20 नवंबर तक रोजाना औसतन करीब 53,805 आवेदन ही मिल रहे थे। अभियान खत्म होने के अगले दिन 23 नवंबर को भी 1,84,379 फॉर्म-6 प्राप्त हुए।
नए मतदाता जोड़ने में गाजियाबाद प्रदेश में सबसे आगे रहा, जहां 17 से 23 नवंबर के बीच प्रति मतदेय स्थल औसतन 19.67 फॉर्म-6 मिले। खीरी 15.24 के साथ दूसरे और बाराबंकी 11.18 के साथ तीसरे स्थान पर रहा। संभल 10.19 के औसत से चौथे स्थान पर और आगरा भी शीर्ष पांच जिलों में शामिल रहा। दूसरी ओर बदायूं में प्रति मतदेय स्थल औसतन महज 2.40 फॉर्म-6 मिले, जबकि जौनपुर 2.52 और झांसी 2.59 के साथ निचले पायदान पर रहे। कुल 47 जिलों का प्रदर्शन राज्य औसत 5.99 फॉर्म-6 प्रति मतदेय स्थल से कम रहा।
विधानसभा क्षेत्रवार प्रदर्शन में भी गाजियाबाद का दबदबा रहा। गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र 24.28 फॉर्म-6 प्रति मतदेय स्थल के औसत के साथ पहले, लोनी 22.47 के साथ दूसरे और मुरादनगर 21.23 के साथ तीसरे स्थान पर रहा। शीर्ष दस विधानसभा क्षेत्रों में पांच गाजियाबाद और चार खीरी जिले के हैं, जबकि सबसे निचले पायदान पर बलरामपुर की गैसड़ी सीट रही, जहां औसतन सिर्फ 1.59 फॉर्म-6 मिले। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कम फॉर्म-6 प्राप्त करने वाले जिलों और विधानसभा क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए 28 और 29 नवंबर को फिर विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे, जिनमें सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ सुबह 10 से शाम चार बजे तक मौजूद रहेंगे।
