नए साल के जश्न के लिए कश्मीर और वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों को जम्मूतवी जाने वाली ट्रेनों में टिकटों की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। दिसंबर के मध्य से जनवरी के शुरुआती दिनों तक कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस और सियालदह-जम्मूतवी हमसफर एक्सप्रेस की सभी श्रेणियों में लंबी वेटिंग चल रही है और कई तारीखों में रिग्रेट के कारण बुकिंग भी बंद हो गई है। धनबाद-कोडरमा-गया होकर जम्मूतवी जाने के लिए ये दोनों ट्रेनें प्रमुख विकल्प हैं।

कोडरमा के यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों से धनबाद-दिल्ली स्पेशल ट्रेन का फेरा बढ़ाकर उसे जम्मूतवी तक विस्तारित करने की मांग की है। यात्रियों का कहना है कि पहले धनबाद-कोडरमा होकर जम्मू के लिए स्पेशल ट्रेन चलती थी, लेकिन अब इसे दिल्ली तक ही सीमित कर दिया गया है और जनवरी में इसके फेरे भी समाप्त होने वाले हैं। ट्रेन के विस्तार से यात्रियों को राहत मिल सकती है।

उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों की यात्रा करने वालों के लिए अपेक्षाकृत राहत है। धनबाद-कोडरमा होकर चलने वाली हावड़ा-योगनगरी ऋषिकेश दून एक्सप्रेस में वेटिंग है, लेकिन क्रिसमस और नए साल के दौरान यह अन्य दिनों की तुलना में कम है। हावड़ा-लालकुआं एक्सप्रेस में भी 25 दिसंबर को छोड़कर बाकी दिनों में वेटिंग कम है, जिससे नैनीताल और कुमाऊं क्षेत्र जाने वाले यात्रियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।