जौनपुर के सुजानगंज में गुरुवार की रात एक मैरिज लान में पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच विवाह सकुशल संपन्न हो गया। दुल्हन पर तेजाब फेंकने और दूल्हे को गोली मारने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया। सुजानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने गुरुवार को थाना प्रभारी अमित कुमार पांडेय को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि उनकी भतीजी की शादी के लिए मध्य प्रदेश से बरात आ रही है और कार्यक्रम सुजानगंज बाजार स्थित एक मैरिज लान में तय है।
प्रार्थनापत्र में आरोप लगाया गया कि तेजी बाजार थाना क्षेत्र के चकनवाबाद निवासी राकेश पटेल कई दिनों से भतीजी को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर परेशान कर रहा है। आरोप है कि वह अपने साथ शादी न करने पर धमकी दे रहा था कि किसी और से विवाह करने पर वह मंडप में पहुंचकर दुल्हन के चेहरे पर तेजाब फेंक देगा और दूल्हे को गोली मार देगा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया और पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच विवाह सकुशल संपन्न कराया गया। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही है और उसकी शीघ्र गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
