झाबुआ जिले में दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर थांदला के पास मंगलवार रात एक कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में छह साल के बच्चे समेत सात लोग घायल हो गए। कार के एयरबैग खुलने से यात्रियों की जान बच गई।

जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग गुजरात के राजकोट के रहने वाले हैं और परिवार एक्सप्रेसवे से गुजर रहा था। घायलों की पहचान साहिब लाल लोबान दिवाकर (50), संस्कार राहुल दिवाकर (6), आकांक्षा मेहुल दिवाकर (23), राहुल साहिब लाल दिवाकर (30), मेहुल साहिब लाल दिवाकर (23), आशा साहिब लाल दिवाकर (60) और ओमी राहुल दिवाकर (25) के रूप में हुई है। हादसे में एक व्यक्ति के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि एक महिला के सिर में गंभीर चोट आई है। अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।

दुर्घटना के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस का इंतजार किया गया, लेकिन समय पर मदद नहीं मिल सकी। इसके बाद पुलिस पेट्रोलिंग टीम से संपर्क किया गया और पुलिस वाहन की सहायता से सभी सात घायलों को थांदला के शासकीय सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। फिलहाल सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे हादसे तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रहे हैं। इस मामले में एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने से पुलिस पेट्रोलिंग वाहन की मदद लेनी पड़ी। इस हादसे में राहत की बात यह रही कि एयरबैग खुलने से सभी यात्रियों की जान बच गई।