झारखंड पुलिस की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भूमि अधिग्रहण मुआवजे में कथित ₹6.32 करोड़ के घोटाले के आरोपी जयनिवास पांडेय उर्फ शास्त्री को वाराणसी से गिरफ्तार किया है। आरोपी भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) का पूर्व कर्मी है और बिहार के अरवल जिले का रहने वाला है।

लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा के अनुसार, धनबाद से आई एसीबी की टीम ने बुधवार को लंका थाना क्षेत्र के पटेल नगर से आरोपी को गिरफ्तार किया। सर्विलांस के जरिए आरोपी का लोकेशन मिलने पर टीम वहां पहुंची थी, जहां वह अपने एक रिश्तेदार के मकान में छिपा हुआ था। गिरफ्तारी अपर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार महतो के निर्देशन में की गई।

पूछताछ और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद एसीबी की टीम आरोपी को झारखंड लेकर रवाना हो गई। एसीबी की पूछताछ में सामने आया कि जयनिवास पांडेय जमीन की खरीद-बिक्री का काम करता था और सरकारी अधिकारियों के एक सिंडिकेट के साथ मिलकर अधिग्रहित की जाने वाली जमीनों पर पहले ही निवेश कर चुका था। मामला भूमि अधिग्रहण मुआवजे में कथित ₹6.32 करोड़ के घोटाले से जुड़ा है।