झारखंड में सुबह और रात की ठंड जारी है, जबकि दिन में धूप निकल रही है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में अगले पांच दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान सुबह के समय कई इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छा सकता है और दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो जाएगा।

मौसम केंद्र के अनुसार, अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 नवंबर से 1 दिसंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में सुबह हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बन सकती है, जबकि दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। 2 और 3 दिसंबर को भी सुबह के समय कोहरा या कुहासा छाने की संभावना जताई गई है। 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक के विस्तारित पूर्वानुमान में राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है, जबकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य से कम रह सकता है। फिलहाल बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान लातेहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं जगन्नाथपुर-एडब्ल्यूएस में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री और न्यूनतम 15 से 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। डालटनगंज में अधिकतम 26 से 27 डिग्री और न्यूनतम 12 से 18 डिग्री, जबकि बोकारो में अधिकतम 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम 12 से 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। चाईबासा में अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री और न्यूनतम 12 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 नवंबर को रांची में अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, जबकि 29 नवंबर को अधिकतम 24 और न्यूनतम 12 डिग्री तथा 30 नवंबर को अधिकतम 24 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बालूमाथ में 26 से 28 नवंबर तक न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री और 29 व 30 नवंबर को 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।