राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) ग्रेटर नोएडा में 250 में से 150 नर्सिंग स्टाफ को एक साथ छुट्टी दिए जाने से सामान्य वार्डों और डॉक्टरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टरों का आरोप है कि मरीजों का दबाव अधिक है और अब विद्यार्थियों से काम कराना भी बड़ी जिम्मेदारी हो गई है, क्योंकि प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ के मुकाबले विद्यार्थियों से काम नहीं कराया जा सकता। हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि मरीजों को परेशानी न हो, इसके लिए वे खुद वार्डों में दौरे बढ़ा रहे हैं।

बुधवार को अस्पताल के तीसरे तल पर बने प्राइवेट वार्ड की ओर बेंच लगी मिलीं और अधिकतर में ताले लटक रहे थे। इसी तरह चौथे तल पर बने ईएनटी वार्ड में भी ताला लटकता मिला।

उपचार के लिए दनकौर से आए राकेश ने बताया कि वह भाई को दिखाने आया था। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां पहले 10 से 15 मिनट में पंजीकरण काउंटर पर किताब बन जाती थी, वहीं आज करीब 40 मिनट लगे। बुलंदशहर से आईं तीमारदार शशि ने बताया कि वह अपनी माता को इमरजेंसी में लाई थीं और नर्स न होने की वजह से काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। हालांकि डॉक्टरों की टीम काफी मैनेज कर रही है।

छुट्टी पर गए नर्सों ने बताया कि कोविड काल में सेवाएं देने वाले स्टाफ को प्रबंधन की ओर से परीक्षा में 15 नंबर अधिक दिए जाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब उन्हें नंबर देने की बजाय 15 दिनों की पढ़ाई के लिए छुट्टी दी गई है। उनकी कोशिश है कि परीक्षा में बेहतर करें और नियमित तौर पर सेवाएं दे सकें।