गंगटोक में 49वीं योनेक्स-सनराइज जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के व्यक्तिगत मुकाबलों के फाइनल शनिवार को खेले गए। अंडर-19 महिला एकल का खिताब कर्नाटक की शाइना मणिमुथु ने जीता, जबकि पुरुष एकल में तेलंगाना के टंकारा ज्ञान दत्तू तलसिला चैंपियन बने। पांच वर्गों में हुए इन फाइनल में अलग-अलग राज्यों के खिलाड़ियों ने अपना दम दिखाया।
महिला एकल के फाइनल में शीर्ष वरीय शाइना मणिमुथु ने कर्नाटक की ही लक्ष्या राजेश को 15-10, 15-12 से हराया। पुरुष एकल के खिताबी मुकाबले में टंकारा ज्ञान दत्तू तलसिला ने अपने ही राज्य के अखिल रेड्डी बोब्बा को 19-17, 15-11 से पराजित किया। पहला गेम काफी संघर्षपूर्ण रहा, जिसे टंकारा ने 19-17 से अपने नाम किया।
पुरुष युगल में कर्नाटक के पवन सुरेश और पुनिथ एस की जोड़ी ने छत्तीसगढ़-मणिपुर के दिव्यांश अग्रवाल और अमरजीत सिंह ख्वैराकपम को 16-14, 15-9 से हराकर खिताब जीता। महिला युगल में कर्नाटक-हरियाणा की शीर्ष वरीय दिया भीमैया बी और बरुनी पार्श्वाल ने उत्तराखंड की आन्या बिष्ट और एंजल पुनेरा को 10-15, 15-12, 15-12 से मात दी। पहला गेम गंवाने के बाद विजेता जोड़ी ने शानदार वापसी की। मिश्रित युगल के फाइनल में छत्तीसगढ़-तमिलनाडु की दिव्यांश अग्रवाल और वर्णा प्रभुआनंद की जोड़ी ने कर्नाटक के अमिथ राज नटराज और सुहिना राय को 15-12, 15-8 से हराया।
विजेता और उपविजेताओं को राज्यपाल दुष्यंत गौतम, सिक्किम विधानसभा अध्यक्ष एमएन शेर्पा और खेल तथा युवा मामला विभाग के मंत्री राजु बस्नेत ने ट्रॉफी प्रदान की। इस चैंपियनशिप में राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन प्रतियोगिता में पहली बार पूरी तरह महिला चेयर अंपायरों का पैनल नियुक्त किया गया, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से कुल 17 अंपायर शामिल थे। इनका चयन जयपुर में आयोजित अंडर-15 और अंडर-17 अखिल भारतीय रैंकिंग प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर किया गया था। बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव संजय मिश्रा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य अधिक महिलाओं को उच्च स्तरीय अंपायरिंग के लिए प्रोत्साहित करना और देश में अनुभवी महिला अधिकारियों का समूह तैयार करना है।
