20 नवंबर 1996 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ वीवीएस लक्ष्मण के अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत हुई। डेब्यू मैच में वह 11 और 51 रन ही बना सके, लेकिन आगे चलकर उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपनी क्षमता साबित की। 134 टेस्ट मैचों में लक्ष्मण ने 17 शतक और 56 अर्धशतक लगाए और जब टीम को उनकी जरूरत थी, तब उन्होंने साथ दिया। वंगीपुरापु वेंकट साई लक्ष्मण का करियर उतार-चढ़ावों से भरा रहा। 1996 में शुरुआत के बाद टीम इंडिया में उनका आना-जाना लगा रहता था। टेस्ट में उन्होंने खूब मैच खेले, लेकिन वनडे में उन्हें सिर्फ 86 मैचों में मौका मिला। 16 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर के बाद लक्ष्मण ने 2012 में संन्यास ले लिया। उन्हें हमेशा एक जुझारू खिलाड़ी के तौर पर जाना जाता रहेगा।
अपनी 281 रनों की यादगार पारी के बारे में पूछे जाने पर लक्ष्मण बताते हैं कि उस दिन उनके बैक में दर्द था और राहुल द्रविड़ को वायरल फीवर था। उनका कहना है कि जब हम अपने देश के लिए खेलते हैं, तो शरीर के बारे में थोड़ा सोचते हैं। लक्ष्मण का मानना है कि बड़े लक्ष्य तक पहुंचने के लिए छोटे-छोटे लक्ष्य बनाकर उन्हें हासिल करना चाहिए। उनके अनुसार, जब हालात कठिन होते हैं और आप उनसे निकलते हैं, तब बहुत कुछ सीखने को मिलता है।
सोशल मीडिया पर लक्ष्मण का कहना है कि उससे भागना नहीं चाहिए, बल्कि उसे मैनेज करना सीखना चाहिए, वरना जिस चीज से आप भागते हैं, वही आपको फॉलो करने लगती है। उनके मुताबिक, जब आपको पता हो कि आपके सपने उस चीज से बड़े हैं जिससे ध्यान भटक रहा है, तो ध्यान कहीं और नहीं लगता। लक्ष्मण की सलाह है कि डरो मत, अपने खेल पर भरोसा रखो। यह सलाह सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि हर क्षेत्र में अपनाई जा सकती है।
लक्ष्मण का कहना है कि सपने के लिए जुनून जरूरी है और अगर इंसान में जुनून होता है, तो कोई भी चुनौती उसे नहीं रोक पाती। उनके अनुसार, आपके हाथ में केवल आपका नजरिया, तैयारी और कोशिश है, इसे बेहतर बनाया जा सकता है। कठिन समय में हार मानना आसान होता है, लेकिन धैर्य के साथ लगातार की गई कोशिश आखिरकार सफलता के करीब ले जाती है। लक्ष्मण का मानना है कि सीखना एक निरंतर प्रक्रिया है, जो कभी खत्म नहीं होती, और जिस दिन आप मान लेते हैं कि आपको सब पता है, उस दिन आगे बढ़ना भी रूक जाता है।
2001 में ऑस्ट्रेलिया भारत आई हुई थी। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 445 रन बनाए और भारत 171 पर सिमट गया। फिर ऑस्ट्रेलिया ने भारत को फॉलो ऑन खिलाया। उस दौरान वीवीएस लक्ष्मण ने रिकॉर्ड 281 रनों की पारी खेली और भारत ने यह यादगार मैच 171 रनों से जीत लिया।
