बिहार की खेल मंत्री और अंतरराष्ट्रीय शूटर श्रेयसी सिंह ने शनिवार को राजधानी के ऊर्जा स्टेडियम में सारण क्रिकेट लीग (एससीएल) के उद्घाटन के बाद पिच पर उतरकर बल्लेबाजी की। उनके बल्ले से निकले लंबे शॉट्स ने मैदान में मौजूद खेल प्रेमियों को रोमांचित कर दिया और स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीत चुकीं श्रेयसी ने गेंदों की सटीक टाइमिंग के साथ आत्मविश्वास भरी बल्लेबाजी की।
सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी की पहल पर आयोजित इस लीग का उद्घाटन खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, विधायक छोटी कुमारी, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार और अभिनेता व गायक अरुण बख्शी ने संयुक्त रूप से किया। खेल मंत्री ने कहा कि लीग का उद्देश्य उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है और ऐसे आयोजन बिहार में स्वस्थ खेल संस्कृति को नई दिशा देंगे। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन की अपील की और सांसद रूडी की इस पहल की सराहना की।
उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से गांवों और कस्बों में छिपी प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिलता है। आयोजकों के अनुसार, लीग का मुख्य उद्देश्य दूरदराज के क्षेत्रों में मौजूद क्रिकेट प्रतिभाओं को तलाशना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में आगे बढ़ाना है। लीग में कुल एक लाख 26 हजार रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है।
उद्घाटन समारोह के बाद चैरिटी क्रिकेट मैच खेला गया, जिसमें जीएसटी अधिकारियों की टीम 'रेवेन्यू रेंजर्स' और मीडिया टीम के बीच मुकाबला हुआ। रोमांचक मैच में रेवेन्यू रेंजर्स की टीम ने जीत दर्ज की।
