नालंदा जिले के चंडी की साइकिल खिलाड़ी सुहानी ने ओडिशा के संबलपुर में आयोजित ईस्ट जोन रोड साइकिलिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। वह पदक से महज सात सेकंड के अंतर से चूक गईं, लेकिन उनके प्रदर्शन की जिले में चर्चा हो रही है। इस प्रतियोगिता में पूर्वी भारत के कई राज्यों के बेहतरीन साइकिलिस्टों ने हिस्सा लिया और मुकाबला काफी चुनौतीपूर्ण रहा।

सुहानी ने शुरुआत से ही तेज रफ्तार और संतुलित रणनीति के साथ रेस में अपनी जगह बनाए रखी। उन्होंने अनुभवी खिलाड़ियों को कड़ी चुनौती दी और अंतिम चरण तक पदक की दौड़ में बनी रहीं, लेकिन फिनिशिंग लाइन पर सात सेकंड के अंतर से पिछड़ गईं।

जिला साइकिलिंग एसोसिएशन के सचिव प्रमोद कुमार ने बताया कि सुहानी का प्रदर्शन बेहद सराहनीय रहा। पहली बार इतने बड़े मंच पर प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए उन्होंने अनुभवी खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर दी। उन्होंने कहा कि सात सेकंड का अंतर भले ही छोटा दिखाई देता है, लेकिन इस स्तर की प्रतियोगिता में यही अंतर पदक और चौथे स्थान के बीच का फर्क बन जाता है। प्रमोद कुमार के मुताबिक, सुहानी ने केवल चंडी ही नहीं, बल्कि पूरे नालंदा जिले का नाम रोशन किया है। उनके प्रदर्शन से साबित होता है कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों में भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की क्षमता है। जरूरत है तो सिर्फ बेहतर प्रशिक्षण, सही मार्गदर्शन और पर्याप्त अवसर की। एसोसिएशन की ओर से सुहानी को आगे और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

सुहानी के प्रदर्शन से जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों में भी नया उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता से लौटने पर चंडी में लोगों ने सुहानी का हौसला बढ़ाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हार नहीं, बल्कि बड़ी जीत की शुरुआत है। साइकिलिंग एसोसिएशन का कहना है कि आने वाली राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में नालंदा के खिलाड़ी और बेहतर प्रदर्शन करेंगे। संबलपुर प्रतियोगिता से मिले अनुभव का लाभ सुहानी को आगामी मुकाबलों में मिलेगा और वह अगले मुकाबले में इस कमी को पूरा करने के इरादे से तैयारी करेंगी।