पूर्व भारतीय क्रिकेटर और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की पुरुष टीम के प्रमुख चयनकर्ता प्रवीन कुमार ने शनिवार को आगरा के वजीरपुरा स्थित सेंट पीटर्स कॉलेज में खिलाड़ियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को शुरुआत से ही आईपीएल और भारतीय टीम में जगह बनाने के सपने देखने के बजाय अपने खेल को निखारने पर ध्यान देना चाहिए। शहर, राज्य, रणजी ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जैसी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन ही आगे बढ़ने का रास्ता बनाता है। इसके लिए अनुशासन, धैर्य और लगातार मेहनत जरूरी है।

15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को इंडिया-ए टीम का कप्तान बनाए जाने के सवाल पर प्रवीन कुमार ने कहा कि खेल में उम्र नहीं, प्रदर्शन मायने रखता है। खिलाड़ी 12 साल का हो या 40 साल का, यदि वह अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, तो उसे जिम्मेदारी देने में कोई बुराई नहीं है। उन्होंने कहा कि आज कम उम्र के खिलाड़ी सभी प्रारूपों में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और हाल ही में अंडर-19 भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराया है, जिससे सीनियर खिलाड़ियों के सामने भी चुनौती बढ़ी है। अब वही खिलाड़ी टिक पाएगा, जो लगातार मेहनत करेगा।

पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ खेलने के अनुभव साझा करते हुए प्रवीन कुमार ने कहा कि उनकी कप्तानी में खेलना सौभाग्य की बात थी। धोनी अच्छे व्यक्ति हैं और युवाओं को उनसे अनुशासन, धैर्य और संयम सीखना चाहिए। उन्होंने पढ़ाई को खेल जितना ही जरूरी बताते हुए कहा कि उन्होंने कई ऐसे खिलाड़ियों को देखा है, जो रणजी ट्रॉफी खेल चुके हैं, लेकिन पढ़ाई पूरी न होने के कारण आजीविका के लिए दुकानों पर काम कर रहे हैं या वाहन चला रहे हैं। इसलिए खेल के साथ शिक्षा पर भी पूरा ध्यान देना चाहिए।

बच्चों और युवा खिलाड़ियों को सीख देते हुए प्रवीन कुमार ने कहा कि मोबाइल फोन से दूरी बनाएं और अपने काम खुद करने की आदत डालें। खिलाड़ी को सुबह खुद उठना चाहिए, न कि माता-पिता के जगाने का इंतजार करना चाहिए। बच्चों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण भी लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि आजकल बच्चे निबंध लिखने जैसे कामों में भी एआई का सहारा ले रहे हैं, जबकि तकनीक का सीमित और सही इस्तेमाल होना चाहिए। माता-पिता और शिक्षकों को भी बच्चों पर ध्यान देना चाहिए और मोबाइल देखते हुए खाना खाने की आदत छुड़ानी चाहिए।