कानपुर के बजरिया थाना पुलिस ने मंगलवार देर रात गांजा और स्मैक तस्करी के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के अनुसार आरोपितों के पास से 127 ग्राम स्मैक और 10 किलो गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपितों में कर्नलगंज निवासी आशू सोनकर, बाराबंकी के जैतपुर निवासी रामचंद्र, मकसूद और बाराबंकी के सुधिया मऊ निवासी मुन्ना शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपित मादक पदार्थ की सप्लाई के लिए कोडवर्ड का इस्तेमाल करते थे। स्मैक को "कपड़ा" और ग्राम को "मीटर" कहकर वे माल का ऑर्डर लेते और सप्लाई करते थे। गिरोह बाराबंकी से मादक पदार्थ लाकर अयोध्या, गोरखपुर और प्रयागराज समेत अन्य जिलों में सप्लाई करता था। रुपये लेने के लिए जनसेवा केंद्रों के क्यूआर भेजे जाते थे।
पुलिस आयुक्त के मुताबिक आशू बाराबंकी से गांजा और स्मैक लाकर शहर में बारादेवी, चुन्नीगंज, साकेत नगर, बर्रा, नौबस्ता और मछरिया समेत कई इलाकों में सप्लाई करता था, जबकि रामचंद्र अयोध्या, गोरखपुर और प्रयागराज समेत जिलों में माल पहुंचाता था। आरोपित एक ग्राम स्मैक से 12 से 14 पुड़िया बनाकर 300 रुपये में बेचते थे।
पुलिस टीम आरोपितों से मादक पदार्थ की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
