काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए वाराणसी में केंद्रीय सशस्त्र बलों की स्थायी तैनाती की तैयारी है। इसके लिए कैबिनेट ने वाराणसी के किला कोहना और सरैताबाद गांव में राजस्व विभाग की 4.19 एकड़ जमीन गृह मंत्रालय को मुफ्त पट्टे पर देने का निर्णय किया है। जमीन का बाजार मूल्य करीब 44 करोड़ रुपये है।
जमीन 30-30 साल के पट्टे के नवीनीकरण के साथ अधिकतम 90 साल के लिए दी जाएगी। यह जमीन केवल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए इस्तेमाल की जा सकेगी। इसे किसी दूसरे काम में नहीं लगाया जा सकेगा और न ही किसी अन्य को हस्तांतरित किया जा सकेगा।
जमीन का मालिकाना हक उत्तर प्रदेश सरकार के पास ही रहेगा। पट्टा देने की प्रक्रिया न्यायालय के अंतिम निर्णय के अधीन होगी। जिलाधिकारी वाराणसी राज्यपाल की ओर से पट्टा संबंधी दस्तावेज तैयार कराएंगे।
