बिहार के कटिहार जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई। बताया जाता है कि पोठिया थाना क्षेत्र के समेली एनएच 31 पर बखरी मोड़ के पास ट्रक, टेम्पो और ट्रैक्टर में भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक युवक घायल भी हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और घायल युवक को इलाज के लिए समेली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। साथ ही पोठिया थाना पुलिस को हादसे की जानकारी दी गई। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
मृतकों की पहचान जितेंद्र कुमार उर्फ जीतू (22 वर्ष), भीम कुमार साह (35 वर्ष) और बाजो कुमार साह (32 वर्ष) के रूप में हुई है। घायल युवक का नाम मनीष कुमार साह (24 वर्ष) बताया जाता है। बताया जाता है कि सभी युवक विष्णुचक गांव के रहने वाले हैं। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोठिया थाना के अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार, एसआई श्रीराम सिंह, एसआई राधेश्याम कुमार सहित बिहार पुलिस के जवान मौके पर मौजूद हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भिजवा दिया है और ट्रक, ट्रैक्टर तथा टेम्पो को जब्त कर जांच में जुटी है।
