कटिहार के कोलासी क्षेत्र में मंगलवार को हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां पति की मौत के करीब 20 दिन बाद 20 वर्षीय पत्नी अंजली कुमारी का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कटिहार भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, करीब 20 दिन पहले अंजली के पति बिट्टू कुमार का भी फंदे से लटका शव मिला था। पति के आकस्मिक निधन के बाद से अंजली गहरे सदमे में थी और परिजन लगातार उसे ढांढस बंधाने का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच मंगलवार को उसकी मौत की खबर सामने आई। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि दंपती के दो छोटे बच्चे अब माता-पिता के स्नेह से वंचित हो गए हैं। इतनी कम उम्र में माता-पिता को खोने वाले इन दोनों बच्चों की देखभाल और परवरिश की जिम्मेदारी अब उनके नाना-नानी पर आ गई है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है और आसपास के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी श्रवण कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कटिहार भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है।
