सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज मार्कंडेय काटजू ने कहा है कि कई लोगों का मानना है कि वोट चोरी के खुलासे के बाद भाजपा को यूपी विधानसभा चुनाव में हार मिलेगी, लेकिन वह इससे सहमत नहीं हैं। काटजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारत में चुनाव जीतने के फॉर्मूले पर एक लेख लिखा है। इसमें उन्होंने कहा है कि कई लोगों ने दावा किया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कहने पर बड़े पैमाने पर वोट चोरी का खुलासा होने के बाद सत्ताधारी भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा। काटजू ने लिखा कि रामजन्मभूमि आंदोलन और अयोध्या में बाबरी मस्जिद गिराए जाने की घटना ने 2014 में भाजपा को सत्ता में पहुंचाया और तब से वह वहीं है।

पूर्व जज ने आगे लिखा कि इसी तरह हाल ही में यूपी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मथुरा में शाही ईदगाह मस्जिद को लेकर विवाद खड़ा हो गया है और उन्हें हैरानी नहीं होगी अगर जल्द ही कृष्णजन्मभूमि आंदोलन शुरू हो जाए। उनके मुताबिक इसका नतीजा यूपी चुनाव से ठीक पहले मस्जिद को गिराया जाना हो सकता है और यह आरोप लगाया जा सकता है कि इसे उसकी जगह पर बने हिंदू केशवदेव मंदिर को तोड़कर बनाया गया था। उन्होंने कहा कि कुछ हिंदुओं की याचिका पर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने मथुरा मस्जिद का सर्वे करने और खुदाई करके हिंदू मंदिर के बचे हुए हिस्से ढूंढने का आदेश दिया है, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने भी सही ठहराया है। काटजू के अनुसार आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (एएसआई) ने कहा है कि मुगल बादशाह औरंगजेब के उस जगह पर बने एक हिंदू मंदिर को गिराने के बाद वहां मस्जिद बनाई गई थी।

काटजू ने लिखा कि यूपी की लगभग 80 फीसदी आबादी हिंदू है और उनमें से कई शाही ईदगाह मस्जिद गिराए जाने का जश्न मनाएंगे और इसे हिंदुओं की बड़ी जीत मानेंगे। उनके मुताबिक कई लोग इसे गुजरात में महमूद गजनवी द्वारा सोमनाथ मंदिर और दूसरे हिंदू मंदिरों को गिराए जाने का बदला मानेंगे और आने वाले यूपी चुनावों में भाजपा को वोट देंगे। उन्होंने कहा कि वोट चोरी की बातों, बढ़ती बेरोजगारी और जरूरी चीजों की बढ़ती कीमतों के बावजूद उन्हें इस भावनात्मक माहौल में आने वाले यूपी चुनावों में भाजपा की भारी जीत दिख रही है।

काटजू ने अपने लेख में आगे लिखा कि सिर्फ यूपी चुनाव में ही क्यों, भारत के 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों में ज्यादातर आबादी हिंदू है और किसी न किसी राज्य में चुनाव होते रहते हैं या उनकी तैयारियां चल रही होती हैं। उन्होंने दावा किया कि चुनाव जीतने का फॉर्मूला ढूंढ लिया गया है और हो सकता है कि हर जगह यह लागू भी किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव 2029 में होने वाले हैं और उन्हें हैरानी नहीं होगी अगर ठीक उससे पहले दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद को गिरा दिया जाए। उनके मुताबिक यह मांग भाजपा के पूर्व सांसद साक्षी महराज कर चुके हैं।