लखीमपुर खीरी के पसगवां ब्लॉक में कार्तिक पूर्णिमा पर गोमती नदी तट पर लगने वाले कतकी मेले की तैयारियों पर बाघ की दहशत का साया मंडरा रहा है। जतनगंज, मढ़ियाघाट, इमलियाघाट, सेमराघाट, बरवर-औरंगाबाद पुल, कांकरघाट, बरुआघाट, जमुनियाघाट और अमरीघाट समेत कई स्थानों पर मेला लगता है। हरदोई-खीरी जनपद की सीमा क्षेत्र में बाघ की चहलकदमी आयोजन समितियों के लिए चिंता का कारण बन गई है।
गोमती नदी के करीब महमूदपुर, सरैया, जरौना तथा महुआढाब आदि स्थानों पर बाघ के पगचिन्ह मिले हैं। दोनों जनपदों के वन विभाग ने बाघ की मौजूदगी की पुष्टि की है। इससे नदी किनारे बसे गांवों और मेला स्थलों पर चिंता बढ़ गई है। मेला समितियों के सामने यह सवाल है कि मेले कैसे लगेंगे, श्रद्धालुओं की भीड़ कैसे संभाली जाएगी और तैयारियां कैसे होंगी। समितियों ने प्रशासन से मेले के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल, वन विभाग की टीम और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
मेले में सैकड़ों श्रद्धालु गोमती नदी में स्नान करने पहुंचते हैं। घाटों पर दुकानें, झूले, खानपान के स्टाल और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं, लेकिन बाघ की दहशत के चलते इस बार दुकानदारों और श्रद्धालुओं में भी डर का माहौल है। बाघ की तलाश में वन विभाग की टीमें जुटी हुई हैं।
पिहानी रेंजर नीलम मौर्य का कहना है कि बाघ की लोकेशन को लेकर टीम लगातार प्रयास कर रही है और बाघ का मूवमेंट बना हुआ है। उम्मीद है कि क्षेत्र में एक ही बाघ मूवमेंट कर रहा है। वहीं मैगलगंज रेंजर विकास सिंह का कहना है कि महुआ धाम में बाघ होने की सूचना के बाद टीम लगाई गई है। पगचिन्ह मिले हैं और टीम लगातार कॉम्बिंग कर रही है, अभी तक टीम द्वारा बाघ को देखा नहीं जा सका है।
