दिल्ली सरकार पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बंगले को आम लोगों के लिए खोलने जा रही है। PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने मंगलवार को यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि अगले हफ्ते तक लोगों के लिए विजिट बुक करने की टिकटिंग व्यवस्था शुरू हो जाएगी। पहले मीडिया के लिए टूर आयोजित किए जाएंगे, उसके बाद आम लोग टिकट खरीदकर आवास का अंदरूनी हिस्सा देख सकेंगे। केजरीवाल साल 2015 से 2024 तक करीब नौ साल अपने परिवार के साथ इस बंगले में रहे थे।
भाजपा ने बंगले के रेनोवेशन पर खर्च को लेकर सवाल उठाए थे और इसे 'शीशमहल' कहा था। पिछले साल दिल्ली विधानसभा में पेश CAG रिपोर्ट के मुताबिक, बंगले के रेनोवेशन पर 33.66 करोड़ रुपए खर्च हुए, जो शुरुआती अनुमानित लागत 7.91 करोड़ रुपए से करीब 342% ज्यादा था। रिपोर्ट के अनुसार, इसमें से करीब 18.88 करोड़ रुपए महंगे इंटीरियर, सजावटी और एंटीक सामान पर खर्च किए गए। CAG ने प्रोजेक्ट में नियमों की अनदेखी, फंड के गलत इस्तेमाल और लागत में भारी बढ़ोतरी जैसी अनियमितताओं का जिक्र किया है।
साल 2022 में दिल्ली के तत्कालीन गवर्नर वीके सक्सेना के निर्देश पर दिल्ली सरकार के विजिलेंस डिपार्टमेंट ने रेनोवेशन में गड़बड़ी और कीमत से ज्यादा खर्च की जांच की थी। इस मामले की CBI जांच भी चल रही है, जिसकी शिकायत भाजपा विधायक और तत्कालीन विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने की थी।
