केरल में भारतीय जनता पार्टी को झटका लगा है। पार्टी नेता पद्मजा वेणुगोपाल ने गुरुवार को भाजपा से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इस्तीफे की वजह पार्टी की विचारधारा से खुद को जोड़ न पाना बताया है। पद्मजा ने अपना इस्तीफा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को सौंप दिया है।

पद्मजा वेणुगोपाल कांग्रेस के दिग्गज नेता और केरल के चार बार मुख्यमंत्री रहे दिवंगत के. करुणाकरण की बेटी हैं। उन्होंने साफ किया कि पार्टी छोड़ने का फैसला किसी पद या जिम्मेदारी को लेकर नाराजगी की वजह से नहीं लिया गया है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्हें काफी पहले ही एहसास हो गया था कि वह भाजपा की विचारधारा के साथ तालमेल नहीं बैठा पा रही हैं, लेकिन वह जल्दबाजी में पार्टी छोड़ना नहीं चाहती थीं। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व से उन्हें कोई शिकायत नहीं है। उन्होंने उन अटकलों को भी खारिज किया कि बड़ा पद न मिलने के कारण उन्होंने पार्टी छोड़ी है। उनके मुताबिक, वह किसी बड़े पद की उम्मीद लेकर भाजपा में शामिल नहीं हुई थीं और उन्हें पार्टी की प्रदेश कोर कमेटी में भी शामिल किया गया था।

पद्मजा वेणुगोपाल 7 मार्च 2024 को लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थीं। उस समय उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से प्रेरित होकर उन्होंने यह फैसला लिया है। 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के टिकट पर त्रिशूर सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन वह तीसरे स्थान पर रहीं। इस सीट पर कांग्रेस के राजन पलान और सीपीआई के अलनकोड लीलाकृष्णन उनसे आगे रहे। इससे पहले वह इसी सीट से कांग्रेस के टिकट पर 2016 और 2021 के विधानसभा चुनाव लड़ चुकी थीं, जहां दोनों बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

पद्मजा के इस्तीफे के बाद केरल कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ ने कहा कि अगर वह पार्टी में वापस आना चाहती हैं तो उनका स्वागत है। वहीं, भाजपा के प्रदेश महासचिव एस. सुरेश ने कहा कि पार्टी ने पद्मजा को उनकी वरिष्ठता के अनुरूप जिम्मेदारियां दी थीं और पार्टी के भीतर उनके साथ कभी भेदभाव नहीं किया गया। सुरेश के मुताबिक, पद्मजा ने अपने इस्तीफे में पार्टी के साथ किसी तरह के मतभेद का जिक्र भी नहीं किया है।