जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकियों की गोली से मारे गए दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPO) के शव डंपर में लाने के आरोप लगे हैं। BJP विधायक शगुन परिहार ने आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मियों के शव बिना ताबूत के डंपर में रखकर उनके गांव लाए गए, जो शहीदों का अपमान है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में विधायक पुलिस अधिकारियों को शवों को लाने के तरीके पर फटकार लगाती दिख रही हैं।
शुक्रवार को रशपाल सिंह और बॉबी चंद का उनके पैतृक गांव डच्छन के केयार में अंतिम संस्कार किया गया। दोनों बुधवार से लापता थे। गुरुवार सुबह उनके शव देहरना जंगल से करीब 2 किलोमीटर दूर मिले थे। दोनों के शरीर पर गोलियों के कई निशान थे और उनकी सर्विस राइफल भी गायब थी।
कांग्रेस ने भी आरोप लगाया है कि शहीद हुए दोनों SPO के पार्थिव शरीर बिना ताबूत के डंपर में घर पहुंचाए गए। पार्टी का कहना है कि ग्रामीणों को खुद स्ट्रेचर और सफेद कपड़े का इंतजाम करना पड़ा। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार शहीदों का अपमान करने से भी नहीं चूक रही है।
बता दें कि 11 नवंबर की दोपहर मरवाह के देहरना जंगल में गोलीबारी की आवाजें सुनाई दी थीं, जिसके बाद से दोनों SPO लापता थे। गुरुवार सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान दोनों के शव गोलियों से छलनी मिले। उनके पास 60 राउंड वाली एक इंसास राइफल और 50 राउंड वाली एक 303 राइफल थी, लेकिन दोनों के हथियार गायब थे।
