कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी कुमारी ने कुंडा स्थित बेंती राजभवन में होने वाली बागेश्वर पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा में शामिल होने की इच्छा जताई है। भानवी ने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा कि कथा का समाचार सुनकर उनका मन श्रद्धा और भावनाओं से भर गया है। उन्होंने अपने हजूर रघुराज प्रताप सिंह से निवेदन किया है कि वे उनकी इस धार्मिक अभिलाषा का सम्मान करते हुए कथा में शामिल होने का अवसर दें, ताकि पूरे परिवार को कथा श्रवण का लाभ मिल सके।
भानवी ने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की है कि उनकी कृपा से परिवार में व्याप्त नकारात्मकता, कटुता और अशांति का अंत हो और प्रतिकूल परिस्थितियों से मुक्ति मिले। उन्होंने उम्मीद जताई कि परिवार में फिर से प्रेम, विश्वास, एकजुटता, सद्भाव और खुशहाली का वातावरण बनेगा। उन्होंने बाबा बागेश्वर सरकार से भी प्रार्थना की है कि वे अपने आशीर्वाद से परिवार की नकारात्मकता दूर करें और सकारात्मकता, प्रेम तथा सद्भाव का संचार करें। साथ ही कथा में शामिल होने की उनकी अभिलाषा पूरी होने का मार्ग प्रशस्त करें।
पोस्ट में भानवी ने कहा कि श्रीराम कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मर्यादा, त्याग, करुणा, धैर्य और पारिवारिक मूल्यों की दिव्य प्रेरणा है। प्रभु श्रीराम के आदर्श परिवार और समाज में प्रेम, सम्मान और समरसता बनाए रखने की सीख देते हैं। उन्होंने कामना की है कि यह कथा परिवारों को जोड़ने, रिश्तों में विश्वास जगाने और समाज में सकारात्मकता फैलाने वाला पावन अवसर बने।
बता दें कि बागेश्वर पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कुंडा स्थित बेंती राजभवन में भव्य श्रीराम कथा कहेंगे। इस आयोजन की खबर आते ही पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बन गया है।
