जम्मू और कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। रिपोर्ट्स के अनुसार, सीआरपीएफ जवानों को घायल करने वाले आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराया गया है। इससे पहले सुरक्षाबलों ने उमर निसार डार को भी ढेर कर दिया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भट की उम्र 23 साल थी और वह भारत में लश्कर-ए-तैयबा का आखिरी कमांडर था। हालांकि, पुलिस ने इस बारे में आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा है।
खबरों के अनुसार, बुधवार सुबह जंगलगाम गांव में उसे घेर लिया गया था, जिसके बाद पूरे गांव की घेराबंदी कर दी गई। भट साल 2025 से गायब था और उसके परिवार ने इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वह कुलगाम के ख्रेबान गांव का रहने वाला था। अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार सुबह सुबह की नमाज के लिए अजान होने से कुछ ही देर पहले मुठभेड़ शुरू हुई।
घेराबंदी में फंसने के बाद सुरक्षाबलों ने भट को आत्मसमर्पण करने का मौका दिया। उससे आत्मसमर्पण के लिए कहने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, लेकिन उसने मना कर दिया। खबर है कि सरेंडर से इनकार के बाद आंसू गैस के गोले की मदद से उसे मस्जिद से बाहर लाया गया। बताया जा रहा है कि 11 नवंबर को सीआरपीएफ कैंप पर हमले में भट भी शामिल था, जिसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी। मंगलवार को हुई मुठभेड़ में वह बचकर निकल गया था।
अधिकारियों ने बताया कि विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों ने दक्षिण कश्मीर के देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था। यह गांव पहले हुई मुठभेड़ के स्थल से कुछ दूरी पर है। इस घटना के बाद सीआरपीएफ ने खुशी जताई है। सीआरपीएफ महानिदेशक जीपी सिंह ने लिखा, 'शुभकामनाएं। कुछ चीजें ठंडा करके खाने में ही मजा आता है। ठंडे मौसम में भी।'
