नई दिल्ली। लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट के आर्म्स स्मगलिंग और टेरर मॉड्यूल से जुड़े मामले में दिल्ली पुलिस ने राउज एवेन्यू कोर्ट में 20 नवंबर को UAPA के तहत तीसरी सप्लिमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट के मुताबिक, सिंडिकेट का कामकाज फर्जी पहचान पर खरीदे गए सिम कार्ड और इंटरनेट आधारित ऐप्स के जरिए चलाया जा रहा था। आरोपियों की बातचीत वॉट्सऐप, सिग्नल, स्नैपचैट और बॉटिम जैसे ऐप्स पर होती थी। जांच एजेंसियों की पकड़ से बचने के लिए फोन बदलने और नष्ट करने तक की कार्रवाई की गई।

चार्जशीट में डिजिटल सबूतों के आधार पर आरोपियों के आपसी संपर्क और आपराधिक गतिविधियों का ब्योरा दिया गया है। सिंडिकेट के 'मामा' कहे जाने वाले वकील दीपक नंदा उर्फ दीपक खत्री के फोन से पाक आतंकी शहजाद भट्टी के पासपोर्ट की फोटो के अलावा विदेशी हथियारों की तस्वीरें और रंगदारी से जुड़ी चैट मिली हैं। दीपक के फोन की साइबर लैब में मिरर इमेजिंग कर निकाला गया डेटा गीता कॉलोनी के आरोपी निशांत अरोड़ा उर्फ नोनी के फोन में मिली तस्वीरों से मेल खाता है। कुछ पिस्टल की तस्वीरें अन्य आरोपी हर्ष पाल सिंह उर्फ रूबल ने दीपक को भेजी थीं।

जांच में दीपक के फोन की गैलरी से हथियार तस्करी और टेरर मॉड्यूल के फरार सरगना शाहबाज अंसारी के नाम से सेव एक नंबर का स्क्रीनशॉट भी मिला, जो 11 जुलाई 2025 को सेव किया गया था। स्क्रीनशॉट में वह नंबर 'शाहबाज भाई' के नाम से दर्ज था। दीपक के डेटा में ऐसी चैट भी मिलीं, जिनमें लॉरेंस के सहयोगी हैरी बॉक्सर की ओर से धमकी भरे कॉल का जिक्र है और कुछ में बड़ी रकम के ट्रांसफर का उल्लेख है। चैट में बॉटिम, सिग्नल और वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (VPN) जैसे माध्यमों का जिक्र भी था।

चार्जशीट के मुताबिक, रूबल के ब्रिटेन के फोन नंबर से जुड़े वॉट्सऐप अकाउंट का आईपी एड्रेस कृष्णा नगर के एक शख्स के नाम पर रजिस्टर्ड मिला। उस शख्स ने बताया कि घर में नेटवर्क कमजोर होने के कारण वह उनके वाई-फाई का इस्तेमाल करता था। दीपक का एक अन्य नंबर गीता कॉलोनी की एक महिला के नाम पर था, जिसकी जानकारी महिला को नहीं थी। गैंग से जुड़े काम और रंगदारी के लिए इस्तेमाल होने वाले फोन को दीपक जानबूझकर दुबई में छोड़ आया।