लोहाघाट में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की जनसभा अंदरूनी गुटबाजी के कारण विवाद में बदल गई। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मुन्ना ढेक के समर्थकों ने आरोप लगाया कि उन्हें मंच पर सम्मान और बोलने का अवसर नहीं दिया गया, जिससे कार्यक्रम समाप्त होते ही विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के समर्थकों के साथ तीखी नोंक-झोंक शुरू हो गई। विवाद प्रदेश प्रभारी सैलजा और अन्य वरिष्ठ नेताओं के सामने ही हुआ।
लोहाघाट। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में जोश भरने के उद्देश्य से आयोजित कुमारी सैलजा की जनसभा गुटबाजी की भेंट चढ़ गई। मुन्ना ढेक के समर्थकों का आरोप है कि उनके नेता को मंच पर न तो सम्मान मिला और न ही भाषण का अवसर दिया गया। समर्थकों ने इसे अपने नेता का अपमान बताया।
कार्यक्रम समाप्त होते ही मुन्ना ढेक के समर्थकों और विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के समर्थकों के बीच सैलजा व अन्य वरिष्ठ नेताओं के सामने तीखी नोंक-झोंक हो गई। स्थिति इतनी बिगड़ी कि विधायक को किसी तरह वहां से निकलना पड़ा। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक माहौल गरमाया रहा।
मुन्ना ढेक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए उन्होंने पूरी ताकत लगाई और बड़ी संख्या में लोगों को कार्यक्रम में पहुंचाया, लेकिन उन्हें बोलने का अवसर तक नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके माध्यम से किसी नेता को सम्मानित भी नहीं करवाया गया। ढेक ने कहा कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव में खुशाल सिंह अधिकारी को कांग्रेस से टिकट दिया जाता है तो वह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ेंगे।
