लोहरदगा के शांति आश्रम में मड थेरेपी के प्रति जागरूकता के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। आश्रम के आचार्य शरतचंद्र आर्य का कहना है कि देश में प्राचीन समय से मिट्टी चिकित्सा के जरिए चर्म रोग, अर्थराइटिस और गैस्ट्रिक पाचन तंत्र संबंधी रोगों का इलाज किया जाता रहा है। इस पारंपरिक पद्धति से जोड़ों की समस्याओं में भी राहत मिल सकती है।

आचार्य शरतचंद्र आर्य के अनुसार, प्राकृतिक चिकित्सा में मिट्टी का लेप, पट्टी या स्नान शरीर को शीतलता देने और रक्त संचार को बेहतर बनाने में मदद करता है। कार्यक्रम के दौरान हवन भी आयोजित किया गया, जिसमें 40-45 योगीजनों ने भाग लिया।

मड थेरेपी में सही मिट्टी का चयन जरूरी बताया गया है। इस उपचार के लिए रासायनिक खाद या प्रदूषण से मुक्त साफ मिट्टी आवश्यक है। साफ जगह से लगभग 2-3 फीट नीचे की मिट्टी छानकर और पानी मिलाकर तैयार की जाती है।

इस मौके पर आरोग्य केंद्र के संचालक की ओर से अल्कलाइन वॉटर एच-2 डिवाइस का भी डेमो दिया गया। इसमें अल्कलाइन वॉटर को दैनिक जीवन में उपयोग करने से मिलने वाले शारीरिक लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई।