अगर घर के गमलों या ग्रो बैग्स में लगे पौधों की बढ़त रुक गई है और वे ठीक से नहीं पनप रहे हैं, तो एक आसान घरेलू उपाय बताया गया है। कई बार सही पोषण न मिलने से पौधों की ग्रोथ धीमी पड़ जाती है और लोग महंगे केमिकल खाद की ओर रुख करते हैं। ऐसे में लकड़ी जलने के बाद बची राख को नेचुरल फर्टिलाइजर के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। यह तरीका खासतौर पर टेरेस या बालकनी गार्डनिंग करने वालों के लिए उपयोगी बताया गया है।
राख में पोटेशियम और फास्फोरस जैसे जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जिन्हें पौधों के विकास और मजबूती के लिए अहम माना जाता है। आमतौर पर लोग बची हुई राख को बेकार समझकर फेंक देते हैं, लेकिन सही मात्रा में इस्तेमाल करने पर यह गार्डनिंग में खाद के रूप में काम आ सकती है।
मात्रा का संतुलन जरूरी बताया गया है। छोटे गमले के लिए एक चम्मच और बड़े गमले या बड़े ग्रो बैग के लिए दो चम्मच राख का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है, ताकि पौधों को पर्याप्त पोषण मिल सके और जरूरत से ज्यादा मात्रा से मिट्टी या जड़ों पर बुरा असर न पड़े।
राख को पौधों तक पहुंचाने के दो तरीके बताए गए हैं। इसे सीधे गमले की मिट्टी में डालकर हल्की गुड़ाई करके या मिट्टी से ढककर मिलाया जा सकता है। दूसरा तरीका इसे पानी में घोलकर पौधों को देने का है। डिस्क्लेमर के मुताबिक, लेख में किए गए दावे इंस्टाग्राम वीडियो और इंटरनेट पर मिली जानकारी पर आधारित हैं और इसकी सत्यता तथा सटीकता की जिम्मेदारी नहीं ली जाती है।
