लखनऊ के जानकीपुरम सेक्टर-3 में भवानी चौराहे से चंद्रिका टावर्स जाने वाली सड़क पर खाली प्लॉट और फुटपाथ पर लगी सब्जी और गद्दों की दुकानों में गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई। आग फैलने से आसपास के मकानों में रहने वाले लोग डर गए और घरों से बाहर निकल आए।

सूचना मिलने पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र के खाली प्लॉटों और फुटपाथ पर लंबे समय से दुकानें संचालित हो रही हैं, जिनमें सब्जी और गद्दों समेत अन्य सामान का कारोबार किया जा रहा है। उनका कहना है कि इन दुकानों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिससे आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों में डर बना हुआ है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे स्थानों का निरीक्षण कराने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।