चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, लखनऊ पर बुधवार को एयरोड्रोम आपातकालीन अभ्यास 'साहस 2026' आयोजित किया गया। इस दौरान विमान की लैंडिंग के असफल प्रयास के बाद दुर्घटना की एक काल्पनिक स्थिति तैयार कर कई एजेंसियों ने संयुक्त रूप से त्वरित बचाव कार्य का अभ्यास किया। अभ्यास का उद्देश्य एयरपोर्ट की आपातकालीन तैयारियों का आकलन करना और विभिन्न एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय की प्रभावशीलता जांचना था। यह अभ्यास अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन और नागर विमानन महानिदेशालय के निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित किया गया।

अभ्यास में एयर ट्रैफिक कंट्रोल, एयरपोर्ट रेस्क्यू एंड फायर फाइटिंग सेवाओं, सीआईएसएफ, चिकित्सा दलों और अन्य संबंधित एजेंसियों ने निर्धारित आपातकालीन प्रक्रियाओं के अनुसार त्वरित कार्रवाई की। इस दौरान आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रक्रियाओं, संकट प्रबंधन व्यवस्था, संचार प्रणाली और एजेंसियों के बीच तालमेल की प्रभावशीलता का आकलन किया गया।

पूर्णस्तरीय अभ्यास में एयरक्राफ्ट रेस्क्यू एंड फायर फाइटिंग टीम, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल, उत्तर प्रदेश पुलिस, सरोजनी नगर अग्निशमन केंद्र, डायल 112 आपातकालीन सेवा और बख्शी का तालाबा वायुसेना स्टेशन के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। अभ्यास के लिए सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक नोटिस टू एयरमैन (नोटम) जारी किया गया था और लगभग 250 कर्मियों तथा आधुनिक आपातकालीन संसाधनों की तैनाती की गई थी।

लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों, कर्मचारियों और सभी हितधारकों की सुरक्षा एवं कल्याण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उल्लेखनीय है कि प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।