योगी सरकार राजधानी लखनऊ में प्रदेश का पहला राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी, उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान (निफ्टेम) सैटेलाइट सेंटर स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसके लिए राजधानी में तीन स्थानों को चिह्नित किया गया है। अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण बाबू लाल मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप कृषि और उद्यानिकी को आधुनिक तकनीक और उद्योगों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में यह निर्णय लिया गया है।

सेंटर के लिए आलमबाग स्थित राजकीय सामुदायिक फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र, अलीगंज स्थित राजकीय उद्यान और हजरतगंज स्थित उद्यान निदेशालय को चिह्नित किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य खाद्य प्रसंस्करण और उद्यान क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और कुशल मानव संसाधन तैयार करना है। सेंटर के संचालन और विकास में निफ्टेम सोनीपत के विशेषज्ञ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

यहां खाद्य परीक्षण, प्रयोगशालाओं, अनुसंधान एवं विकास, तकनीकी प्रशिक्षण और इन्क्यूबेशन से जुड़ी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उद्योगों की मांग के अनुरूप व्यावसायिक और तकनीकी पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे, ताकि प्रशिक्षण पाने वाले युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। शिक्षकों और तकनीकी विशेषज्ञों के लिए फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम भी चलाए जाएंगे।

निफ्टेम के सहयोग से क्षेत्रीय खाद्य अनुसंधान एवं विश्लेषण केंद्र (आरएफआरएसी), लखनऊ को तकनीकी मार्गदर्शन और सहयोग दिया जाएगा। एपीडा और एनएबीएल से जुड़ी प्रक्रियाओं में भी संस्थान के विशेषज्ञ मदद करेंगे। विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव देने के लिए निफ्टेम सोनीपत का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा और प्रमाणन कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। एमएससी विद्यार्थियों के लिए विलेज एडॉप्शन प्रोग्राम भी शुरू होगा, जबकि राजकीय खाद्य प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी संस्थान, लखनऊ के विद्यार्थियों को अनुसंधान और नए खाद्य उत्पादों के विकास से जुड़ी परियोजनाओं में सीधे शामिल किया जाएगा।