लखनऊ पुलिस लाइन में बुधवार को NSG और यूपी एटीएस के कमांडो ने आतंकवाद निरोधक अभियान का जीवंत प्रदर्शन किया, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देखा। करीब 50 मिनट चले इस अभ्यास में 12 मंजिला इमारत में घुसे आतंकियों को ढेर करने और बंधकों को सुरक्षित निकालने का पूर्वाभ्यास किया गया।

प्रदर्शन में सायरन बजने के साथ स्थिति बनाई गई कि 12 मंजिला इमारत के बी ब्लाक में आठ से दस आतंकियों ने घुसपैठ कर कई लोगों को बंधक बना लिया है। स्थानीय पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी को मार गिराया, लेकिन बंधकों की मौजूदगी के कारण ऑपरेशन की कमान NSG को सौंप दी गई। हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे उतरे NSG कमांडो सीधे इमारत की छत पर पहुंचे। कुछ जवान रस्सियों से नीचे उतरे तो कुछ रेलिंग और छज्जों के रास्ते भवन में दाखिल हुए। कुछ ही मिनटों में कमांडो ने अलग-अलग मंजिलों पर मोर्चा संभाल लिया और गोलियों की आवाज के बीच आतंकियों को एक-एक कर ढेर कर दिया। बंधकों को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ पूरी इमारत पर नियंत्रण कर लिया गया।

संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ के मौके पर पांच अलग-अलग परिस्थितियों में सुरक्षा बलों की कार्रवाई का पूर्वाभ्यास कराया गया। अभियान में NSG की के-9 टीम के प्रशिक्षित डॉग ने भी हिस्सा लिया। वीवीआईपी सुरक्षा, बम विस्फोट से बचाव और आतंकी हमले जैसी परिस्थितियों से निपटने का प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में NSG के डॉग जानी ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। डीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि एक महीने तक चलने वाले इस संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में यूपी एटीएस के कमांडो को आधुनिक तकनीक, आतंकवाद निरोधक रणनीति और त्वरित कार्रवाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य दोनों बलों के बीच समन्वय और आपरेशनल क्षमता बढ़ाना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर केंद्र और प्रदेश सरकार की नीति स्पष्ट है। अब न अपराधियों को अभय मिलेगा, न आतंकियों को अवसर और न ही देश की सुरक्षा से कोई समझौता होगा। उन्होंने कहा कि बदलती वैश्विक चुनौतियों के बीच सुरक्षा बलों को आधुनिक तकनीक, अचूक रणनीति, त्वरित निर्णय और बेहतर टीमवर्क के साथ तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में पुलिस व्यवस्था को तकनीक और आधुनिक संसाधनों से मजबूत किया गया है। सभी 75 जिलों में साइबर थाने खोले गए हैं और आपरेशन त्रिनेत्र के तहत 15 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। यूपी-112 का रिस्पांस टाइम 65 मिनट से घटाकर पांच से सात मिनट किया गया है। प्रदेश में एटीएस की 21 फील्ड यूनिट सक्रिय हैं। उन्होंने आगाह किया कि आतंकी अब हवाला नेटवर्क, फेक करेंसी, साइबर अपराध और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए भी देश की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।