मुंबई: महाराष्ट्र में वीर सावरकर और बाल ठाकरे को लेकर राजनीति गरमा गई है। एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना ने सोनिया गांधी पर वीर सावरकर के अपमान का आरोप लगाया है। वहीं, विरोध प्रदर्शन के दौरान शाइना एनसी से मणिशंकर अय्यर और बाल ठाकरे वाली तस्वीर गलती से फट जाने पर उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस ने एकनाथ शिंदे को घेर लिया है।
उद्धव ठाकरे की पार्टी के नेता संजय राउत ने कहा है कि बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ी जा रही है क्योंकि ये सभी लोग किराए के टट्टू हैं। उन्होंने कहा कि अच्छा ही हुआ कि ये धोखेबाज लोग भाग गए। इन लोगों की न तो कोई विचारधारा है और न ही कोई नैतिकता, न कोई एक नेता है और न ही कोई वफादारी। राउत ने आगे कहा कि जो लोग आदरणीय बालासाहेब का अपमान करते हैं, उन्हें सबके सामने कोड़े मारे जाने चाहिए। उन्हें उम्मीद है कि कम से कम मराठी लोग उनकी भाषा पर आपत्ति नहीं जताएंगे।
कांग्रेस ने भी हमला बोला है। महाराष्ट्र कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल ने आरोप लगाया है कि शिंदे के नेताओं ने जानबूझकर बालासाहेब की तस्वीर फाड़ी है, कोई गलती से नहीं। उन्होंने कहा कि बीजेपी और आरएसएस एक ज़हरीली बेल की तरह हैं, जो महाराष्ट्र में सत्ता पाने के लिए बालासाहेब के कंधों पर चढ़े और मौका मिलते ही बालासाहेब की शिवसेना को तोड़ने और बर्बाद करने की साजिश रची।
इस बीच सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग अ जर्नी ऑफ़ लव' चर्चा में है, जिसमें उन्होंने अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई प्रसंग बताए हैं। एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना ने मांग की है कि इस किताब पर महाराष्ट्र में प्रतिबंध लगाया जाए, क्योंकि उनके अनुसार इसमें वीर सावरकर का अपमान किया गया है। शिवसेना का कहना है कि किताब के पेज नंबर 201 पर लिखी बात बालासाहेब ठाकरे का अपमान है। शिंदे गुट के नेताओं का कहना है कि यह किताब 'बिलॉन्गिंग ऑफ़ लव' नहीं बल्कि 'बिलॉन्गिंग ऑफ़ जिहाद' होनी चाहिए, क्योंकि यह हिंदुत्व विरोधी है। नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब फाड़कर विरोध जताया। संजय निरुपम के साथ मीडिया के सामने विरोध के दौरान शाइना एनसी से गलती से वह तस्वीर फट गई, जिसमें शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे मणिशंकर अय्यर को चप्पल मारकर विरोध दर्ज करा रहे हैं।
