मंडी गोबिंदगढ़ में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकाले गए विशाल नगर कीर्तन के दौरान एक महिला श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतका की पहचान हरविंदर कौर (45), निवासी हरगोबिंद कॉलोनी, मंडी गोबिंदगढ़ के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ नगर कीर्तन निकाला जा रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में संगत गुरु महाराज की पालकी साहिब के साथ शब्द कीर्तन करती हुई आगे बढ़ रही थी। हरविंदर कौर भी पूरी श्रद्धा के साथ पालकी साहिब के साथ पैदल चल रही थीं।

बताया जा रहा है कि जैसे ही नगर कीर्तन शहर के रेलवे स्टेशन के नजदीक पहुंचा, चलते-चलते हरविंदर कौर की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ीं। उनके गिरते ही आसपास की संगत में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और प्रबंधकों ने तुरंत उन्हें संभाला और उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।

इस घटना से नगर कीर्तन में शामिल श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं और धार्मिक उल्लास का माहौल गमगीन हो गया। जानकारी के अनुसार, महिला की मौत का कारण अचानक दिल का दौरा माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन या अस्पताल की ओर से मौत के वास्तविक कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक मेडिकल पुष्टि सामने नहीं आई है। क्षेत्र के धार्मिक, सामाजिक संगठनों और गणमान्य व्यक्तियों ने इस दुखद निधन पर पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।