मंडी जिले के सरकाघाट में 61 साल पुराने जमीन विवाद में एक महिला को न्याय मिला है। सिविल जज कोर्ट दो सरकाघाट ने बुधवार को वर्ष 1965 में किए गए इंतकाल नंबर 242 को शून्य और अमान्य घोषित करते हुए असली वारिस मनशा देवी के पक्ष में फैसला सुनाया। अदालत ने राजस्व विभाग को रिकॉर्ड ठीक करने और प्रतिवादियों को जमीन में किसी भी तरह के हस्तक्षेप से रोकने के लिए स्थायी निषेधाज्ञा के आदेश दिए हैं।
मामले के अनुसार, सरकाघाट उपमंडल की चोलथरा पंचायत के गांव लतेहड़ा निवासी मनशा देवी ने मुख्तार-ए-आम रणजीत सिंह के माध्यम से अप्रैल 2025 में दीवानी दावा दायर किया था। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने अदालत में दलील दी कि मुहाल भटवाण स्थित करीब 61-17-11 बीघा भूमि मनशा देवी के दिवंगत पति स्यारू पुत्र मोनी पुत्र मंगल के नाम थी। वर्ष 1964 में पति के निसंतान निधन के बाद मनशा देवी ही उनकी एकमात्र कानूनी वारिस थीं।
दलील के मुताबिक, 11 जून 1965 को राजस्व अधिकारियों की त्रुटि से इस जमीन का इंतकाल दूसरे परिवार के स्यारू पुत्र गुसाऊं पुत्र मोलक के कानूनी वारिसों (चंचला देवी व अन्य) के नाम दर्ज हो गया, जबकि दोनों के गोत्र और पूर्वज पूरी तरह अलग थे। वर्ष 2020 में जब प्रतिवादियों ने गलत राजस्व प्रविष्टियों की आड़ में मनशा देवी को जमीन से बेदखल करने और निर्माण कार्य करने की धमकी दी, तब उन्हें इस गड़बड़ी का पता चला। राजस्व अधिकारियों द्वारा इंतकाल रद करने में असमर्थता जताने पर उन्होंने अदालत की शरण ली।
सुनवाई के दौरान समन तामील होने के बावजूद प्रतिवादी अदालत में पेश नहीं हुए, जिस पर उनके खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की गई। अदालत ने पटवारी की रिपोर्ट, वंशावली और कुछ प्रतिवादियों के पूर्व बयानों के आधार पर पाया कि जमीन के असली मालिक स्यारू पुत्र मोनी थे। साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने मनशा देवी के पक्ष में डिक्री पारित कर उन्हें बड़ी राहत दी है।
