जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा है कि आतंकवाद के बचे-खुचे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने का अभियान जारी रहेगा। आतंकी पहाड़ों, जंगलों या पाताल में कहीं भी छिपे हों, उन्हें ढूंढकर समाप्त किया जाएगा। उन्होंने यह बात बुधवार को उधमपुर स्थित शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी में पासिंग आउट परेड के दौरान कही।

उपराज्यपाल ने कहा कि पड़ोसी आतंकी मुल्क कई दशकों से आतंकवाद के जरिये निर्दोष नागरिकों की जान लेता रहा है और समाज में डर पैदा करके शांति व विकास को रोकने की कोशिश करता रहा है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ऐसा प्रहार शुरू हुआ है कि आतंकवाद और अलगाववाद को कारोबार बनाने वालों की दुकानें बंद हो रही हैं और इस धरती से एक-एक आतंकी का खात्मा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले जम्मू-कश्मीर में साल के आधे दिन दुकानें बंद रहती थीं और स्कूल-कॉलेज व कारोबार प्रभावित होते थे, लेकिन पिछले छह वर्षों में शांति के हितधारक बढ़े हैं।

सिन्हा ने कहा कि पुलिस और सुरक्षा बलों को लोगों की सुरक्षा के साथ उनके विश्वास का प्रहरी भी बनना होगा, क्योंकि कानून व्यवस्था ही विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों में विकास की रफ्तार में पुलिस और सुरक्षा बलों के परिश्रम, त्याग और बलिदान की बड़ी भूमिका रही है, जिससे निवेशक बेझिझक उद्योग लगा रहे हैं और पर्यटक आत्मविश्वास के साथ होटल बुक कर रहे हैं।

बदलती सुरक्षा चुनौतियों का जिक्र करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि आज खतरा हमेशा बंदूक के रूप में सामने नहीं आता, बल्कि मोबाइल स्क्रीन और ऐसे नैरेटिव के जरिये भी आता है जिनसे युवाओं को घर बैठे कट्टर बनाने का प्रयास होता है। ड्रोन, साइबर हमले और नार्को टेरर जैसी चुनौतियां भी बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि जवानों और अधिकारियों को काउंटर टेररिज्म के साथ डिजिटल टूल, फॉरेंसिक साइंस, साइबर फॉरेंसिक, डिजिटल एविडेंस और टेक्नोलॉजी मॉनिटरिंग में दक्ष होना होगा, साथ ही पारंपरिक बीट पुलिसिंग और थानों की भूमिका भी मजबूत करनी होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशिक्षण केंद्रों में अब सर्वश्रेष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी दी जा रही है।