प्रतापगढ़ के कुंडा में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा के मंच से योगी सरकार के राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने मथुरा श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने मथुरा में भाजपा की प्रदेश स्तरीय बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि उनका मन हुआ कि कुदाल उठाकर गुंबद तोड़ दें। हालांकि उन्होंने संवैधानिक पद पर होने के कारण ऐसा न कर पाने की बात कही। मंत्री ने दावा किया कि मथुरा में मंदिर जरूर बनेगा और जल्द गुंबद टूटेगा तथा वहां भव्य मंदिर का निर्माण होगा। उनका यह बयान अब चर्चा का विषय बन गया है।
कुंडा के बेंती में आयोजित श्रीराम कथा के मंच से काशी और मथुरा का नारा गूंज रहा है। अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के विराजमान होने के बाद काशी-मथुरा में विवादित स्थल पर भगवान को विराजमान किए जाने की बात तेज हो गई है। कथा के पहले दिन धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने व्यासपीठ से वृंदावन जाने का ऐलान किया था और यादव तथा माधव को एक मानने की बात कर श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा छेड़ा था।
मथुरा और काशी जैसे संवेदनशील मुद्दों पर कथा के मंच से चर्चा किए जाने पर लोगों का रिस्पॉन्स भी खूब आ रहा है। कथा के दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और कथा शुरू होने से पहले ही भारी भीड़ उमड़ती दिखी। कथा में महिलाओं की भी भारी भागीदारी देखी जा रही है।
कुंडा की कथा में उमड़ रहे भक्तों की तादाद से बाबा बागेश्वर भी गदगद हैं। कथा से पहले श्रीकृष्ण के मुद्दे पर उन्हें लगातार घेरा जा रहा था। अब धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि कुंडा की धरती से सनातन की हुंकार उठी है और यहां ऐसा जनसैलाब उठा है, जिसने आलोचकों को भी आस्था की ताकत का अहसास करा दिया है।
