लाहौर: पाकिस्तान में जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम (फजल) के प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान उर्फ मौलाना डीजल को पंजाब सरकार ने एक बार फिर नजरबंद कर दिया है। पार्टी के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह जानकारी साझा की। प्रवक्ता के अनुसार, रहमान सिंध में एक सम्मेलन में शामिल होने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रहीम यार खान के पास हिरासत में लेकर मुल्तान स्थित उनके आवास पर नजरबंद कर दिया। उन्हें 30 नवंबर को लरकाना में शहीद-ए-इस्लाम अल्लामा डॉ. खालिद महमूद सूमरो की याद में आयोजित सम्मेलन में शामिल होना था। इससे पहले भी उन्हें नजरबंद किया गया था। प्रवक्ता के मुताबिक, रहमान इन दिनों पाकिस्तानी सेना के खिलाफ हमलावर हैं और माना जा रहा है कि इसी कारण उन्हें नजरबंद किया गया है। लाहौर पुलिस ने एक दिन पहले उनकी हिरासत हटाकर उन्हें यात्रा की अनुमति दी थी, जिसके बाद वे सड़क मार्ग से सिंध के लिए रवाना हुए थे।
प्रवक्ता ने बताया कि रहमान के साथ उनका स्टाफ और जेयूआई-एफ पंजाब के महासचिव हाफिज नसीर अहरार भी थे। उन्होंने आरोप लगाया कि रहमान के स्वागत के लिए रहीम यार खान पहुंचे जेयूआई-एफ सिंध के महासचिव अल्लामा राशिद सूमरो को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि पार्टी के केंद्रीय महासचिव मौलाना अब्दुल गफूर हैदरी और पंजाब प्रांतीय प्रमुख मौलाना अमजद खान को अज्ञात स्थान पर हिरासत में रखा गया है। प्रवक्ता ने पंजाब सरकार से मौलाना फजलुर रहमान और सभी गिरफ्तार नेताओं व कार्यकर्ताओं को तुरंत रिहा करने की मांग की है।
प्रवक्ता ने कहा कि जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शांतिपूर्ण जनसंपर्क अभियान जारी रखे हुए है और सरकार विपक्षी राजनीतिक दलों की नियमित संवैधानिक और लोकतांत्रिक गतिविधियों को भी बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या देश में नागरिकों पर मार्शल लॉ लगा दिया गया है कि राजनीतिक दल रैलियां और जुलूस भी नहीं निकाल सकते। प्रवक्ता ने कार्यकर्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार के अलोकतांत्रिक हथकंडे राजनीतिक दलों को उनके संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित नहीं कर सकते।
इस बीच, जेयूआई-एफ लाहौर के सूचना उप सचिव हाफिज जैन ने शुक्रवार को दावा किया था कि मौलाना फजलुर को लाहौर में ठोकर नियाज बेग के पास गिरफ्तार किया गया है, हालांकि लाहौर पुलिस ने गिरफ्तारी से इनकार किया था। जेयूआई-एफ ने पहले आरोप लगाया था कि लाहौर में मौलाना फजलुर की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने या औपचारिक रूप से नजरबंद करने से इनकार किया था। अक्टूबर से जेयूआई-एफ प्रमुख और पाकिस्तान की संघीय सरकार के बीच तनाव बढ़ गया है, खासकर खैबर पख्तूनख्वा में गवर्नर शासन लगाने के फैसले की उनकी आलोचना के बाद। पिछले हफ्ते रहमान और उनके परिवार के इस्लामाबाद और डेरा इस्माइल खान स्थित आवासों से सरकारी सुरक्षा वापस ले ली गई थी। इसके अलावा, राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) ने रहमान के बेटे और पूर्व संघीय संचार मंत्री असद महमूद को 2022-2023 के कार्यकाल के दौरान पाकिस्तान पोस्ट में नियुक्तियों में अनियमितताओं के मामले में तलब किया है।
