श्रीलंका ए ने रविवार को दोहा में खेले गए एशिया कप राइजिंग स्टार्स के फाइनल में पाकिस्तान ए को एक विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के सामने 217 रनों का लक्ष्य रखा, जवाब में पवन रथनायके की अगुवाई वाली टीम ने 42वें ओवर में एक विकेट शेष रहते मैच जीत लिया।

श्रीलंका की ओर से निशान मदुश्का ने 87 रनों की पारी खेली और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। खिताब जीतने के बाद कप्तान पवन रथनायके ने कहा कि वह बहुत खुश और उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीम के बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।

रथनायके ने बताया कि दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने का फैसला इसलिए लिया क्योंकि उनके बल्लेबाजों ने पिछले कुछ मैचों में निरंतरता दिखाई है। उन्होंने कहा कि निशान ने बहुत अच्छा खेला, हालांकि बीच के ओवरों में टीम ने विकेट गंवा दिए। उनके मुताबिक सामराकून और गरूका ने आखिरी के पलों में शानदार बल्लेबाजी की।

कप्तान ने कहा कि यह जीत श्रीलंका क्रिकेट के लिए बहुत अच्छी है और उन्होंने टूर्नामेंट के दौरान लगातार टीम को सपोर्ट करने के लिए श्रीलंकाई फैंस को धन्यवाद दिया।