बसपा सुप्रीमो मायावती ने 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का स्वागत किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में यह बात कही। मायावती ने लिखा कि बीएसपी शुरू से ही देश में सर्वसमाज की महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के साथ-साथ राजनीति में उन्हें उचित आदर और अवसर दिए जाने की पक्षधर रही है। इसी वजह से पार्टी लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण जल्द से जल्द लागू करने की मांग लगातार करती रही है। उन्होंने केंद्र सरकार के ताजा फैसले का स्वागत भी किया।

मायावती ने कहा कि यह अच्छा और ऐतिहासिक होता अगर सदियों से शोषित-पीड़ित और उपेक्षित रहीं खासकर एससी और एसटी समाज की महिलाओं को इसी में अलग से आरक्षण देने की व्यवस्था कर दी जाती। इससे संकीर्ण, जातिवादी, धन और बाहुबल से ग्रसित चुनावी राजनीति में उन्हें भी सही से भाग लेकर आगे बढ़ने का मौका मिलता। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अभी भी इस पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर ले तो यह उचित और न्यायपूर्ण होगा।

पूर्व मुख्यमंत्री ने लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभाओं में मौजूदा सीट संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि से संबंधित तीन विधेयकों और परिसीमन के दौरान सीटों की सीमा तय करने में गड़बड़ी करके राजनीतिक और चुनावी स्वार्थ पूरा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है। मायावती ने कहा कि जो भी पार्टी केंद्र की सत्ता में रहती है, वह ऐसे अधिकतर मामलों में देश और जनहित की परवाह कम तथा पार्टी हित और स्वार्थ को अधिक महत्व देती है।

मायावती ने कहा कि देश में सर्वसमाज के लोगों को बिना किसी धर्म, जाति और क्षेत्रीयता की भावना में बहे, बिना किसी लुभावने वादे, दावे और घोषणाओं के छलावे में आए, अच्छे लोगों को ही चुनने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि यही देश के लोकतंत्र और संविधान की सुरक्षा और सम्मान की असली गारंटी होगी, जिसके लिए बीएसपी तत्पर है।