संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर निकाली जा रही सामाजिक समरसता यात्रा 26 नवंबर को जालंधर से चलकर मेरठ पहुंचेगी। इस यात्रा का स्वागत केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। स्वागत के दौरान विशाल सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न पंथ व संप्रदाय के संत मंच पर उपस्थित रहेंगे। मेरठ, अमरोहा, हापुड़ और बागपत से 30 हजार से अधिक लोगों के एकत्र होने की तैयारी है।

सभा शताब्दीनगर स्थित माधवकुंज के सामने होगी। केंद्रीय गृहमंत्री और मुख्यमंत्री सीधे सभा स्थल पहुंचकर यात्रा का स्वागत करेंगे। इससे पहले यात्रा बागपत होते हुए मेरठ पहुंचेगी, जहां मेरठ जिले की सीमा में भाजपा की जिला इकाई की ओर से उसका स्वागत किया जाएगा। सभा के आयोजन की जिम्मेदारी महानगर इकाई संभालेगी।

26 नवंबर को यात्रा में शामिल संत, सामाजिक लोग और कार्यकर्ता रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद 27 नवंबर को दोपहर तक यात्रा हापुड़ के लिए रवाना हो जाएगी। दिसंबर के पहले सप्ताह में वाराणसी में यात्रा का समापन होगा।

यात्रा के स्वागत की तैयारियों को लेकर बुधवार को महापौर कैंप कार्यालय में बैठक हुई। इसमें स्वागत, जनसहभागिता, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। यात्रा और सभा के संयोजक विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज को बनाया गया है। बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री एवं मेरठ महानगर प्रभारी अशोक मोगा, सांसद अरुण गोविल, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, कमल दत्त शर्मा और महानगर के अभियान संयोजक डा. अजय दीवान उपस्थित रहे।