मुंबई के कुर्ला में फीनिक्स मॉल के पास एक म्युनिसिपल गार्डन में एक युवक और उसकी महिला दोस्त के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों वहां फोटो खींच रहे थे, तभी आठ नाबालिगों ने कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया। महिला दोस्त के साथ भी हाथापाई की गई। घटना का वीडियो स्थानीय लोगों ने रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मुंबई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की पांच धाराओं के तहत 8 नाबालिग लड़कों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, वह अपनी महिला दोस्त से मिलने घाटकोपर गया था। घटना के समय दोनों एक गार्डन में फोटो खींच रहे थे। इस दौरान युवकों का एक समूह उसकी दोस्त को बार-बार परेशान कर रहा था। आरोप है कि लड़कों ने दोनों के साथ गाली-गलौज और बहस शुरू कर दी। युवक ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपियों ने उसे लात-घूंसों से पीटा। वीडियो में आरोपी लड़के युवक और महिला पर डंडे से भी हमला करते दिखे। इस दौरान एक युवक ने स्टील की बोतल से उसके सिर पर वार किया। मारपीट में दोनों घायल हो गए। इसके बाद वे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, लड़की की शिकायत के आधार पर घाटकोपर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 189(2), 189(4), 118(1), 352 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्हें जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (किशोर न्याय बोर्ड) के सामने पेश किया जाएगा। हालांकि, अभी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की गई है।
