मुरादाबाद के कांवड़ पथ रोड पर चल रहे दंगल में मंगलवार को महिला पहलवानों का दमदार प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र बना रहा। अखाड़े में हरियाणा के झज्जर की मुस्कान और उत्तर प्रदेश के मेरठ की आयुषी ने उतरकर अपने कुश्ती के दांव-पेच दिखाए। दोनों पहलवानों के प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।

महिला पहलवानों को अखाड़े में मुकाबला करते देख दर्शकों के साथ-साथ छात्राओं में भी खासा उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में छात्राएं दंगल देखने पहुंचीं और महिला पहलवानों के प्रदर्शन की सराहना की।

मेले के ठेकेदार उस्मान मलिक और रेफरी यासीन मलिक ने बताया कि अगवानपुर में एक महीने तक दंगल का आयोजन किया जाएगा। इसमें यूट्यूब पर चर्चित पहलवानों को भी बुलाया जाता है। उनके मुताबिक, प्रतिदिन एक से दो महिला पहलवानों की कुश्ती भी कराई जाती है।