नैनीताल जिले में फूलों की खेती का दायरा सीमित होने के बावजूद उत्पादन में गेंदे के फूलों का दबदबा है। जिले में उत्पादित कुल फूलों में करीब 85 प्रतिशत हिस्सेदारी अकेले गेंदे की है। वर्ष 2024-25 में 21.88 हेक्टेयर में गेंदे की खेती से 1643.73 क्विंटल फूलों का उत्पादन हो रहा है। किसान गेंदे के फूल हल्द्वानी के स्थानीय बाजारों के साथ ही दिल्ली, मेरठ, पंजाब, लखनऊ, गाजियाबाद, सहारनपुर और चंडीगढ़ तक भेजते हैं।
जिले के आठ ब्लाकों में चमेली, जरबेरा, गुलाब, रजनीगंधा समेत नौ प्रजातियों के फूलों का उत्पादन किया जा रहा है। वर्ष 2020-21 में जिले में 42.7 हेक्टेयर भूमि पर फूलों की खेती होती थी, जो बढ़कर 2024-25 में 54.16 हेक्टेयर हो गई है। इससे सालाना 1938.83 क्विंटल फूलों का उत्पादन हो रहा है। कुल फूल उत्पादन में गेंदे की हिस्सेदारी करीब 84.8 प्रतिशत है, जबकि दूसरे स्थान पर चमेली है। 1.70 हेक्टेयर में चमेली की खेती से 129.50 क्विंटल फूलों का उत्पादन हुआ है।
पालीहाउस में खेती करने वाले किसान एक क्विंटल गेंदे समेत अन्य प्रजातियों के फूल 10 हजार रुपये में स्थानीय बाजार के साथ ही अलग-अलग राज्यों को बेचते हैं। इस हिसाब से वर्ष 2024-25 में जिले का सालाना गेंदे के फूल का टर्नओवर 1643.73 क्विंटल के लिए एक करोड़ 64 लाख 37 हजार 300 रुपये हो रहा है। ब्लाकवार आंकड़ों में भीमताल सबसे आगे है, जहां 15.88 हेक्टेयर में फूलों की खेती से 1003.61 क्विंटल फूलों का उत्पादन हुआ है। दूसरे स्थान पर हल्द्वानी ब्लाक है, जहां 5.80 हेक्टेयर में 362.50 क्विंटल फूलों का उत्पादन हुआ है।
गेंदे के अलावा जिले में जरबेरा, कार्नेशन, ग्लैडियोलस, गुलाब, रजनीगंधा, लिलियम और गुलदाउदी जैसे फूलों की भी खेती की जा रही है। जरबेरा का उत्पादन 25.80 लाख, कार्नेशन का 11.65 लाख, ग्लैडियोलस का 14.29 लाख, गुलाब का 46.60 लाख, रजनीगंधा का 29 लाख और लिलियम का 10.98 लाख रुपये का हो रहा है। भवाली के किसान नंद किशोर पांडेय ने बताया कि पिछले आठ साल से पालीहाउस में गेंदे के साथ कार्नेशन, जरबेरा आदि फूलों का उत्पादन कर रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिकी में काफी सुधार हुआ है। गौलापार के भूपाल बसेरा ने बताया कि सीजन में एक किलो गेंदा 200 रुपये प्रति किलो तक बिक जाता है, जबकि आफ सीजन में 40 से 50 रुपये किलो बिकता है।
