नारनौल के न्यायिक परिसर में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने अदालत में तैनात अहलमद सुमन कुमार को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने एक मामले के फैसले की सत्यापित कॉपी देने के बदले रिश्वत मांगी थी।

एसीबी इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह के अनुसार बाछोद निवासी धनीराम ने शिकायत दी थी कि उसका एक मामला अदालत में विचाराधीन था। फैसले के बाद वह उसकी सत्यापित कॉपी लेने के लिए न्यायिक परिसर पहुंचा। आरोप है कि वहां तैनात अहलमद सुमन कुमार ने कॉपी देने के एवज में उससे तीन हजार रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने से संबंधित बातचीत की रिकॉर्डिंग एसीबी को सौंप दी।

ब्यूरो ने शिकायत की जांच की और आरोपी को पकड़ने के लिए रेडिंग पार्टी तैयार की। कार्रवाई से पहले सेशन जज से अनुमति ली गई। इसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में न्यायिक परिसर में जाल बिछाया गया। निर्धारित कार्रवाई के दौरान सुमन कुमार को शिकायतकर्ता से तीन हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई के दौरान पब्लिक हेल्थ विभाग के एक्सईएन जितेंद्र हुड्डा को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। उन्होंने बताया कि उनका नाम प्रशासन की ओर से ड्यूटी मजिस्ट्रेट के पैनल में शामिल है। एसीबी की ओर से फोन पर रेड की सूचना मिलने के बाद वह पहले ब्यूरो कार्यालय पहुंचे और फिर टीम के साथ न्यायिक परिसर गए। जितेंद्र हुड्डा के अनुसार उनकी मौजूदगी में एसीबी टीम ने कार्रवाई करते हुए अहलमद सुमन कुमार को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा।