नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में आरोप तय होने के बाद आरोपी विषय विशेषज्ञ पीवी कुलकर्णी ने अदालत से नियमित जमानत की मांग की है। बुधवार को राउज एवेन्यू स्थित विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता की अदालत ने कुलकर्णी की जमानत याचिका पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 1 दिसंबर को होगी।

कुलकर्णी की ओर से अधिवक्ता हेमंत शाह ने जमानत याचिका दायर की है। याचिका में दलील दी गई है कि आरोपी लंबे समय से न्यायिक हिरासत में है और मामले में जांच पूरी होने के साथ आरोप भी तय हो चुके हैं, इसलिए उसे हिरासत में रखने का कोई औचित्य नहीं है। सीबीआई की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता वीके पाठक जांच अधिकारी के साथ अदालत में पेश हुए। मामले की नियमित सुनवाई 27 नवंबर को सूचीबद्ध है।

अदालत ने अपने पूर्व के आदेश में कहा था कि आरोपियों ने गोपनीय परीक्षा सामग्री को बड़े स्तर पर साझा और वितरित किया, जिससे निर्धारित परीक्षा से काफी पहले ही प्रश्नपत्र देशभर में वायरल हो गया। इसके कारण नीट-यूजी 2026 परीक्षा रद करनी पड़ी। अदालत ने कहा था कि इस घटनाक्रम से सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ और लाखों अभ्यर्थियों को आर्थिक के साथ मानसिक परेशानी भी उठानी पड़ी।

अदालत ने यह भी टिप्पणी की थी कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने जिन प्रश्नपत्रों को अनुवाद, दोबारा अनुवाद और प्रूफरीडिंग के लिए आरोपियों को सौंपा था, वे एजेंसी की कापीराइट संरक्षित बौद्धिक संपदा थे। नीट-यूजी 2026 की परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी, जिसमें करीब 22 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बाद एनटीए ने 12 मई को परीक्षा रद कर दी थी। इसके बाद 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई।