राघोपुर में नीतीश सेतु के लोकार्पण कार्यक्रम के बाद पोस्टर फाड़ने और अपशब्दों के प्रयोग के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। रुस्तमपुर थानाध्यक्ष कुमार अभिषेक ने यह जानकारी दी। उनके मुताबिक, प्रखंड विकास पदाधिकारी राघोपुर की ओर से 11 नामजद और 100 से 150 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि पिछले शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने नीतीश सेतु का लोकार्पण किया था। कार्यक्रम के बाद दर्जनों की संख्या में युवा और बच्चे हाथों में राजद का झंडा लेकर सेतु पर पहुंच गए, जहां उन्होंने लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के समर्थन में नारे लगाए। इसी दौरान कुछ युवाओं ने सेतु पर लगाए गए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और अन्य एनडीए नेताओं के पोस्टर फाड़ दिए। कुछ बच्चों द्वारा अपशब्दों के प्रयोग की बात भी सामने आई।

मौके पर मौजूद युवाओं ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में बना लिया, जो बाद में इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो गया। वीडियो प्रसारित होने के बाद कुछ युवा उस पर रंगदारी वाला गाना लगाकर रील बना रहे हैं, जिसको लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की मौजूदगी में पोस्टर फाड़े गए, जबकि पुलिसकर्मी मौके पर तैनात थे। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में पुलिसकर्मी भी दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस प्रसारित वीडियो के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान में जुटी है।